मोदीनगर कोतवाली पुलिस ने एक शातिर चोरों का गिरोह पकड़ा है। गिरोह में पति-पत्नी ने मिलकर ‘बदमाश कंपनी’ बनाई। पत्नी कॉलोनियों में जाकर रेकी करती थी और पति अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात का अंजाम देता था। गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार किए हैं जबकि एक आरोपी अभी फरार है। कार और चोरी का सामान बरामद किया है।
कोतवाली पुलिस ने देर रात मुखबिर की सूचना पर निवाड़ी रोड से चोरों के गिरोह को पकड़ा। सीओ केपी मिश्रा के अनुसार गिरोह की महिला दिन में कपड़े व सामान बेचने के बहाने कॉलोनियों में जाकर रेकी करती थी। महिला द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पति अपने साथियों के साथ जाकर चोरी को अंजाम देता था।
पकड़े गए आरोपी ज्ञानेश्वर उसकी पत्नी सुनीता और सोहनवीर जगतपुरी निवासी हैं। नदीम अतरौली निवासी है। फरार आरोपी हंसराज (जानी) निवासी है। गिरोह के पास से महेंद्रपुरी कॉलोनी से चुराई स्विफ्ट कार, कृष्णानगर कॉलोनी से चुराए गए सिलेंडर, बिसोखर के मंदिर से चुराया गया पीतल का घंटा, निवाड़ी से चोरी किया जनरेटर व घटनाओं में प्रयुक्त हुआ छोटा हाथी बरामद किया है।
बेरोजगारी से तंग आकर बनाया गिरोह
थानाप्रभारी गजेंद्रपाल सिंह ने बताया कि आरोपी ज्ञानेश्वर का कहना है कि बेराजगारी से तंग आकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी शुरू की। शुरू में पत्नी ने विरोध किया। मगर जब अच्छी कमाई होने लगी तो पत्नी भी गैंग में शामिल हो गई।