गाजियाबाद के एनएच-9 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया। हादसे में इंदिरापुरम निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर आशीष (36) और उनकी पत्नी नीलम (32) की मौत हो गई। हादसा इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में छिजारसी कट के पास हुआ। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, आशीष रविवार को पत्नी नीलम को शॉपिंग कराने के लिए बाइक से इंदिरापुरम से गाजियाबाद की ओर जा रहे थे। छिजारसी कट के पास पहुंचते ही पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर जा गिरे और ट्रक की चपेट में आ गए। गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। दंपती दोस्त की नई बिना नंबर प्लेट वाली बाइक लेकर घर से निकले थे।