साहिबाबाद। क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने पति और उनकी प्रेमिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। साथ ही दोनों पर बेटी के फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर अपशब्द लिखने का आरोप लगाया है। वहीं, प्रेमिका पर जबरन तलाक दिलवाने का दबाव बनाने का भी आरोप है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दर्ज मुकदमे में महिला ने बताया कि उनके पति तीन वर्ष से दूसरी महिला के साथ रह रहे हैं। दूसरी महिला उन्हें लगातार फोन करके पति को तलाक देने का दबाव बना रही है। आरोप है कि 14 जून की रात महिला ने उनकी बेटी का फोटो फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अपलोड करते हुए अपशब्द लिखे। इसके बाद से उनके पास कई अंजान लोगों के लगातार फोन आ रहे हैं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तब उनके पति ने उनसे मारपीट की। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला की ओर से दिए गए साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।