गाजियाबाद। मेरठ रोड से राजनगर एक्सटेंशन को जोड़ने वाली करीब 1.2 किलोमीटर लंबी हम-तुम सड़क का निर्माण व्हाइट टॉपिंग तकनीकी से किया जाएगा। नगर निगम के निर्माण विभाग ने योजना तैयार कर ली है। इस सड़क को बनाने के लिए जिले में पहली बार व्हाइट टॉपिंग तकनीकी का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे पहले मेरठ में इस तकनीकी का प्रयोग कर एक सड़क का निर्माण किया जा चुका है। सड़क के निर्माण पर तकरीबन छह करोड़ रुपये खर्च का अनुमान लगाया जा रहा है।
मेरठ रोड पर हम-तुम रेस्तरां के साथ लगती सड़क राजनगर एक्स्टेंशन को जोड़ती है, इसलिए इस सड़क को हम-तुम के नाम से जाना जाता है। सड़क से रोजाना बड़ी संख्या में भारी वाहन गुजरते हैं। जिससे इस सड़क की हालत जर्जर हो गई है। इस सड़क से नगर निगम के भी रोजाना करीब 200 ट्रक कचरा लेकर जाते हैं। धूल-मिट्टी का गुबार उड़ने से वायु प्रदूषण होता है। इस समस्या से निपटने के लिए नगर निगम के निर्माण विभाग ने योजना बनाई है। मुख्य अभियंता एनके चौधरी ने बताया कि मौजूदा डामर सड़कों के ऊपर वाइट टाॅपिंग तकनीक से क्रांकीट (सीसी रोड) बनाई जाएगी। इस तकनीक से बनने वाली यह शहर की पहली सड़क होगी। इस तरह की सड़कें लंबे अंतराल तक खराब नहीं होतीं। हालांकि, इसे बनाने का खर्च साधारण सड़कों की तुलना में ज्यादा होता है, लेकिन मरम्मत कराने की भी आवश्यकता नहीं होगी। जिस सड़क को बनाने का निर्णय लिया गया है उस पर काफी गड्ढे हैं, जिस कारण लाेगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। राजनगर एक्सटेंशन होते हुए मेरठ रोड पर पहुंचने वाले वाहन व मेरठ रोड से राजनगर एक्सटेंशन की तरफ जाने वाले काफी संख्या में वाहन इस रोड से आवागमन करते हैं। काफी संख्या में माल वाहक वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं।