उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के सिकंदराबाद के औद्योगिक क्षेत्र में चार नंबर कट के पास स्थित लिब्रा इंटरनेशनल फैक्टरी में बुधवार की दोपहर करीब दो बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्टरी में अफरा-तफरी मच गई। फैक्टरी में काम करने वाले लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर दौड़े। घटना के समय करीब 80 लोग फैक्टरी के अंदर कार्य कर रहे थे। सूचना पर पहुंची दमकल की पांच गाड़ियां आग बुझाने के प्रयास में जुटी हुई थीं। एसडीएम, सीओ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेते हुए आग बुझाने के प्रयासों की भी जानकारी ली। फैक्टरी दिल्ली निवासी शख्स की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, चार नंबर कट के पास लिब्रा इंटरनेशनल फैक्टरी में फोम से गद्दे बनाने का कार्य किया जाता है। फैक्टरी में करीब 100 लोग कार्य करते हैं। बुधवार की दोपहर अचानक दो बजे फैक्टरी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। तेज हवा के कारण आग विकराल होती चली गई। जिससे फैक्टरी, आसपास की फैक्टरियों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। फैक्टरी में कार्य कर रहे लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर दौड़ने लगे।
सूचना पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास किया। आग पर काबू नहीं पाए जाने पर आसपास के फायर स्टेशनों से भी दमकल की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। पांच गाड़ियां आग बुझाने के प्रयास में लगी थीं 4.30 बजे तक भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। फैक्टरी मालिक ने बताया कि आग फैक्टरी के पिछले हिस्से से शुरू हुई, जिसके चलते काम करने वाले सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए। सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि आग बुझाने के प्रयास किए जा रहे हैं, आग बुझाने के बाद ही जनहानि के बारे में स्थिति स्पष्ट होगी।