गाजियाबाद। एक जून की रात को होटल कारोबारी राहुल डागर की हत्या के मुख्य आरोपी और 25 हजार रुपये के इनामी नागेंद्र चौधरी ने शनिवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। पिछले 24 दिनों से पुलिस जिसे हिमाचल और नई दिल्ली में तलाश कर रही थी, वह पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में पेश हुआ, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
होटल कारोबारी राहुल डागर की एक जून को राजनगर एक्सटेंशन की क्लासिक रेजिडेंसी में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक राहुल डागर के बहनोई अविनाश सिरोही ने नागेंद्र चौधरी व उसके भाई मनीष चौधरी, मोहित चौधरी, रितेश बिंदल और रोहित उर्फ मंत्री के खिलाफ नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। नंदग्राम पुलिस ने रितेश बिंदल, मोहित चौधरी और इनके कार्यालय की देखरेख करने वाले प्रदीप कुमार को जेल भेज दिया। जबकि मुख्य आरोपी नागेंद्र चौधरी और उसके भाई मनीष चौधरी व रोहित उर्फ मंत्री की तलाश में पुलिस हिमाचल प्रदेश और नई दिल्ली में तलाश कर रही थी। एसीपी नंदग्राम पूनम मिश्रा ने बताया कि इन तीनों की गिरफ्तारी पर डीसीपी सिटी ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बताया कि मुख्य आरोपी नागेंद्र चौधरी ने शनिवार को सीजीएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। हालांकि इसके भाई मनीष चौधरी और रोहित उर्फ मंत्री की तलाश में पुलिस जुटी है। बताया कि दोनों आरोपियों को पुलिस जल्द गिरफ्तार कर लेगी।