आबकारी विभाग और सिहानी गेट थाना पुलिस ने राकेश मार्ग से शराब तस्करी के आरोप में एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जोकि फोन पर आर्डर लेकर तस्करी वाली शराब की होम डिलीवरी करता था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक स्कूटी भी बरामद की है।
जिला आबकारी अधिकारी करुणेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि राकेश मार्ग पर मदन स्वीट्स के पास अवैध शराब की तस्करी की जाती है। इस पर उन्होंने आबकारी निरीक्षक केपी यादव और आरपी सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की। टीम ने राकेश मार्ग पर जाल फैला दिया।
थोड़ी ही देर में शराब तस्कर स्कूटी पर जाता नजर आया। इस पर टीम ने उसे धर दबोचा। उसकी स्कूटी से बीयर की केन और शराब की बोतलें मिली। उससे और उसके घर से कुल मिलाकर दिल्ली मार्का करीब दस पेटी अंग्रेजी शराब और 124 बीयर की कैन बरामद की गईं। इस मामले में सिहानी गेट थाने में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।