एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने और दो लाख से ज्यादा केजेवरात खरीद पर पैन कार्ड अनिवार्य करने के विरोध में 21 दिन पुराने आंदोलन को स्वर्णकार संघ ने और तेज करने का निर्णय लिया है।
मंगलवार को मेढ़-स्वर्णकार समाज ने भी बैठक कर आंदोलन को आर-पार की लड़ाई में बदलने की घोषणा की। अब केंद्र सरकार के निर्णय के विरोध में होली में वित्त मंत्री अरुण जेटली केपुतले का मुंह काला कर जलाने और होली न खेलने का निर्णय लिया गया है। सोमवार से शहर में चक्काजाम भी किया जाएगा।
सर्राफा एसोसिएशन, स्वर्णकार संघ और उप्र मेढ़-स्वर्णकार समाज ने अपने आंदोलन को अब बीजेपी विरोधी करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्वर्णकार समाज के राष्ट्रीय पदाधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि मंगलवार को चौपला मंदिर पर बैठक आयोजित की गई।
इसमें निर्णय लिया गया कि सोने-चांदी और जेवरात का काम करने वाले इस बार काली होली मनाएंगे। होली में गेहूं-जौ की बालियों की बजाय अरुण जेटली के पुतले का मुंह काला कर पुतला जलाया जाएगा। रंगोत्सव पर स्वर्णकार समाज केलोग रंग नहीं खेलेंगे। किसी संगठन के होली मिलन समारोह में शामिल भी नहीं होंगे।
स्वर्णकार संघ केप्रदेश पदाधिकारी रवि वर्मा ने बताया कि सोमवार से शहर में चक्काजाम किया जाएगा। होली के चलते ऐसा कोई काम नहीं कर रहे हैं, जिससे लोगों को परेशानी हो।
सोमवार से शहर के बाजार और रास्ते बंद किए जाएंगे। मांग पूरी होने तक कदम पीछे नहीं हटाएंगे। बैठक में राजेंद्र वर्मा, नरेश वर्मा, विजय वर्मा, मनीष वर्मा और योगेश वर्मा आदि मौजूद रहे।