मोदीनगर। किदवई कॉलोनी निवासी इस्लामुद्दीन का आरोप है कि एक हिस्ट्रीशीटर ने तमंचे के साथ उनके बेटे का वीडियो बना लिया है। अब वह वीडियों वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा है। उसने पांच लाख रुपये की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस्लामुद्दीन ने बताया कि उनका बेटा इंटरमीडिएट का छात्र है। कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति का रिश्तेदार हिस्ट्रीशीटर है। हिस्ट्रीशीटर ने ब्लैकमेल करने के लिए उनके बेटे को तमंचा देकर उसका वीडियो बना लिया। अब पांच लाख रुपये मांग कर रहा है। मांग पूरी नहीं होने पर आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी है।
सोमवार रात करीब दस बजे उनका बेटा अपने दोस्त के साथ सीकरी पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने गया था। इसी दौरान आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर छात्र को कार में बैठाने लगा। छात्र ने मना किया तो आरोपी ने जबरन उसे कार में धकेल दिया। भीड़ जमा होने पर आरोपी छात्र को छोड़कर वहां से भाग गए। घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रहा है। एसीपी मोदीनगर का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।