बांग्लादेश में दीपू दास की हत्या से नाराज है दल
बांग्लादेश में दीपू दास की हत्या से नाराज हिंदू रक्षा दल ने तलवार वितरण किया जा रहा है। रविवार को योजना के तहत रविवार को दल की ओर से दिल्ली नंद नगरी स्थित कार्यालय पर तलवार वितरित किए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद सोमवार को संगठन के शालीमार गार्डन स्थित कार्यालय पर तलवार वितरित किया जा रहा था।
वीडियो हो रहा वायरल
इस संबंध में हिन्दू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी उर्फ भूपेंद्र चौधरी का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पिंकी चौधरी द्वारा नंदनगरी में 250 से अधिक लोगों को तलवार वितरित करने का दावा कर रहे हैं। सोमवार को शालीमार गार्डन पर तलवार वितरण का कार्यक्रम रखा गया। इसके तहत कुछ लोगों को तलवार वितरित भी की जा चुकी थी।
पुलिस के पहुंचते ही मच गई भगदड़
इसकी सूचना मिलते ही एसीपी शालीमार गार्डन, एसीपी साहिबाबाद, थानेदार लिंक रोड, शालीमार गार्डन और टीला मोड़ पुलिस बल के साथ के साथ मौके पहुंच गए। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही वहां भगदड़ मच गई। मौके से कई कार्यकर्ता भागने में सफल हुए जबकि पुलिस ने भागते हुए कुछ कार्यकर्ताओं को मौके पर ही पकड़ लिया। मौके से पुलिस को बड़ी संख्या में तलवारें बरामद हुई हैं। मामले में पुलिस की टीमें देर रात तक तलवार विरतण करने और तलवार लेने वालों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग इलाकों में दबिश देती रही। देर रात तक पुलिस ने 10 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर लिया था।
सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में आपसी सद्भाव बिगाड़ने के इरादे से तलवार वितरित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां बड़ी संख्या में तलवार रखे थे, जो लोगों के बीच वितरित किए जा रहे थे। मौके से कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया और तलवारें भी कब्जे में ली गईं। मामले में 16 लोगों के खिलाफ नामजद और 25 से 30 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल कार्यक्रम के आयोजक दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी और उसमें शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।