मधुबन बापूथाम क्षेत्र के गुलधर इलाके में खाली मैदान में झुग्गी-झोपड़ी डालकर रह रहे मजदूरों पर शुक्रवार की रात हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने हमला बोल दिया। मजदूरों को बांग्लादेशी बताकर हमलावरों ने उन्हें लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा और उनकी झुग्गियां तोड़ डालीं। इसी दौरान एक झुग्गी में आग भी लग गई। अचानक हुए हमले से डरे-सहमे 15 मजदूर परिवार शनिवार सुबह सामान समेटकर चले गए।
इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी और 15-20 अज्ञात के खिलाफ केस तो दर्ज कर लिया लेकिन शनिवार की रात तक भी किसी की गिरफ्तारी नहीं कर सकी। पिंकी चौधरी के खिलाफ पहले से 16 केस दर्ज हैं और वह साहिबाबाद थाने का हिस्ट्रीशीटर है।हैरानी की बात यह भी है कि हमले की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस के सामने भी हमलावर नारे लगाते रहे। पुलिस ने मौके से किसी को भी हिरासत में नहीं लिया। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि हंगामे की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची और उन्हें समझाया गया। इसके बाद भी वे नारेबाजी व हंगामा करते रहे।
हमले के बारे में पिंकी चौधरी ने शनिवार की दोपहर फोन पर कहा, जानकारी मिली थी कि गुलधर के पास खाली मैदान में कुछ झुग्गियों में रहने वाले लोग बांग्लादेशी हैं। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को देखकर कार्यकर्ताओं ने झुग्गियों में रहने वाले बांग्लादेशियों को खदेड़ा। उधर, मधुबन बापूधाम थाने में केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच की तो पता चला कि हमले का शिकार बने लोगों में एक भी बांग्लादेशी नहीं है। सभी लोग शाहजहांपुर के रहने वाले हैं और मजदूरी करते हैं।हमले के दौरान झोपड़ी में लगी आग
पिंकी चौधरी पर लगेगा एनएसए : पिंकी चौधरी के बुधवार को वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लिया गया है। मामले में सबंधित अधिकारी से लापरवाही बरतने और कोई कार्रवाई नहीं करने के बारे में जांच कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पिंकी चौधरी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) की कार्रवाई करने की भी तैयारी की जा रही है। उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। - अजय कुमार मिश्र, पुलिस आयुक्त