मुरादनगर। जलालपुर मार्ग पर हुई हिमांशु की हत्या पुलिस के लिए पहेली बनी हुई है। वारदात के 11 दिन बाद भी पुलिस हमलावरों का सुराग नहीं लगा सकी है। इससे मृतक के परिजनों में नाराजगी है। परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए हत्याकांड का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
जलालपुर गांव निवासी हिमांशु आठ अक्तूबर की रात ड्यूटी से घर लौट रहा था। रास्ते में प्राथमिक विद्यालय के पास अज्ञात हमलावरों ने उसे रोक लिया और नुकीले हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हिमांशु को मोदीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। नौ अक्तू्बर को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। घटना के 11 दिन बीतने के बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। इससे मृतक के परिजन नाराज हैं। मृतक के चाचा व पूर्व प्रधान सुशील चौधरी ने हत्याकांड का जल्द खुलासा करने की मांग की है। एसीपी सुनील कुमार भारद्वाज का कहना है कि हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।