गाजियाबाद। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के साथ ही नेशनल और स्टेट हाईवे किनारे स्थित देसी, अंग्रेजी शराब, मॉडल शॉप और बीयर की दुकानों के चिन्हीकरण का काम शुरू हो गया है। जिला आबकारी अधिकारी ने इसके लिए टीमों का गठन किया है।
माना जा रहा है कि 100 से ज्यादा दुकानों और मॉडल शॉप सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश से प्रभावित होंगी। जिला आबकारी अधिकारी करुणेंद्र सिंह ने बताया कि 15 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि देश भर में हाईवे किनारे स्थित शराब की दुकानों को शिफ्ट कर दिया जाए।
आबकारी निरीक्षक केपी सिंह यादव के अनुसार करीब 100 से ज्यादा शराब और बीयर की दुकानें इस आदेश के जद में आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद में वर्तमान समय में अंग्रेजी शराब की 94, देसी शराब की 200, बीयर की 92 और मॉडल शॉप की संख्या 50 है। अब यह सूची तैयार की जा रही है कि इनमें से कितनी दुकानें नेशनल और स्टेट हाईवे के किनारे पर हैं।