गाजियाबाद। भाई दूज पर बाजारों और प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने व्यवस्था में बदलाव किया है। त्योहार के दौरान शहर के मुख्य मार्गों और चौराहों पर यातायात पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके साथ ही बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, बस और रेलवे स्टेशन पर एंटी रोमियो स्कवॉड और महिला पुलिसकर्मी सादी वर्दी में तैनात रहेंगी। शहर के सभी मार्गों पर सुबह से शाम तक भारी वाहनों की एंट्री पूर्व की भांति बंद रहेगी।
एडीसीपी यातायात वरुण कुमार सिंह ने बताया कि यातायात पुलिस बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखेगी। पिछले साल यूपी-112 पर मिली जाम की शिकायतों के आधार पर संवेदनशील स्थान चिह्नित किए गए हैं। यातायात प्रबंधन के लिए 11 यातायात निरीक्षकों के नेतृत्व में 813 पुलिसकर्मियों की दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जाएगी। इनमें 128 उपनिरीक्षक, 306 मुख्य आरक्षी, 356 आरक्षी और 23 महिला मुख्य आरक्षी व आरक्षी शामिल हैं। पुलिसकर्मियों की तैनाती विजय नगर टी-पॉइंट, लालकुआं, घंटाघर और सेक्टर-62 सहित 24 स्थानों पर होगी। कौशांबी रोडवेज डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक से भी समन्वय किया गया है। सेक्टर-62, छिजारसी, लालकुआं और एनएच-9 पर रोडवेज बसों को पहले से खड़ा कराया जाएगा। इससे सड़क पर भीड़ जमा नहीं होगी और यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी नहीं होगी।
......
पार्किंग की विशेष व्यवस्था
यातायात पुलिस ने आमजन की सुविधा के लिए व्यापक पार्किंग व्यवस्था की है। घंटाघर मल्टीलेवल पार्किंग, शिप्रा मॉल के सामने, जयपुरिया मॉल और हैबिटेट सेंटर और मल्टीलेवल पार्किंग और डीएम परिसर में स्थायी पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। जबकि अंबेडकर रोड स्थित नेहरू युवा केंद्र, घंटाघर रामलीला मैदान, कनावनी यू-टर्न के पास, लोनी इंटर कॉलेज लोनी, लोनी विकास खंड कार्यालय और फार्च्यून चौराहे के पास अस्थायी पार्किंग स्थल भी बनाए गए हैं। इन स्थलों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।