अमर उजाला फॉलोअप के लोगो का इस्तेमाल कर लीजिएगा
- पांच दिन बाद परिजनों ने अस्पताल में भर्ती पिता से मिलवाई साढ़े तीन साल की मासूम बेटी
- अब तक हो चुकी है शशांक की एक सर्जरी, दूसरी और तीसरी जरूरत हुई तो करेंगे डॉक्टर
- बेटी से मिलने के बाद शशांक की सेहत में आया सुधार, अब भी वेंटीलेटर पर
माई सिटी रिपोर्टर
इंदिरापुरम (गाजियाबाद)। पांच दिनों से जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे शशांक के लिए शुक्रवार का दिन नई उम्मीद लेकर आया। अस्पताल के आईसीयू में गफलत में बेड पर लेटे शशांक से उनकी साढ़े तीन साल की मासूम बेटी वेदांशी उर्फ वेदू ने पापा को पुकारा। बेटी की आवाज कानों में पड़ते ही पांच दिन से बेहोशी और गफलत में शशांक की आंखें खुल गईं। परिजनों के लिए यह पल किसी चमत्कार से कम नहीं है।
दरअसल, इंदिरापुरम थानाक्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर-1 इलाके में सोमवार को भारत सरकार के पोस्टल विभाग में तैनात सीनियर अकाउंटेंट शशांक पर हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल शशांक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत इतनी नाजुक थी कि उन्हें वेंटीलेटर पर रखना पड़ा। पांच दिनों से वह बेहोश थे और उनकी एक सर्जरी भी हो चुकी है। इस बीच रितेश ने अपने छोटे भाई शशांक से उनकी साढ़े तीन साल की बेटी को मिलाने का फैसला किया। मासूम को अस्पताल लेकर पहुंचे। बेटी ने जब चिरपरिचित अंदाज में हेलो पापा, आप कैसे हो... कहा तो शशांक गफलत से कुछ सेकंड के लिए बाहर आए और आंखें टिमटमाई। हालांकि यह वाक्या चंद सेकेंड का रहा, लेकिन उनकी प्रतिक्रिया ने परिवार के चेहरों पर उम्मीद की एक नई उम्मीद जगा दी है। परिजनों के मुताबिक बेटी से मिलने के बाद उनकी सेहत में कुछ और सुधार देखने को मिला है। भाई का कहना है कि वह अब होश में है, लेकिन अब भी वेंटीलेटर पर ही है।
-
अब मासूम वेदू जाएगी झांसी
रितेश ने बताया कि वह बच्ची वेदू के ताऊ हैं और उनके पिता की तबीयत ठीक नहीं है और मां जेल में है। ऐसे में पांच दिन से बच्ची परेशान है। अब परिवार ने फैसला लिया है कि वह बच्ची को झांसी के पुरानी परसठ स्थित शिवाजी कॉलोनी में लेकर जाएंगे। वहीं, उसका स्कूल में दाखिला कराया जाएगा, जहां वह पढ़ाई करेगी।
-
ये है मामला
वसुंधरा सेक्टर-1 इलाके में सोमवार को भारत सरकार के पोस्टल विभाग में तैनात सीनियर अकाउंटेंट पर प्रेमी संग मिलकर अपने ही विभाग में तैनात पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। प्रेमी ने घर में घुसकर सो रहे पति पर सिर, पेट, सीने, गले और हाथ पर चाकू से एक दर्जन वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान हो गया। चीख पुकार सुनकर पड़ोसी आए तो नकाबपोश आरोपी प्रताप सिंह भाग गया। पुलिस ने घायल के भाई रितेश की शिकायत पर आरोपी पत्नी प्रिया शर्मा और उसके प्रेमी प्रताप सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी और दोनों आरोपी इस समय जेल में है।