जनपद न्यायाधीश आशीष गर्ग के आकस्मिक निधन होने के बाद बुधवार को अधिवक्ता कार्य से विरत रहे। इस कारण से अधिकांश महत्वपूर्ण केसों में सुनवाई नहीं हो सकी। नोएडा क्रिकेट स्टेडियम घोटाले में भी अगली सुनवाई की तारीख 28 अगस्त लगा दी। इसके अलावा एनआरएचएम घोटाले के अलग-अलग मामलों में 29 सितंबर की तारीख लगा दी।
सीबीआई से मिली जानकारी के अनुसार नोएडा के सेक्टर-21 ए स्थित इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पवेलियन भवन सहित क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण से संबंधित 954 करोड़ रुपये का निर्माण कार्य कराया गया था। सीबीआई की जांच में पता चला था कि क्रिकेट स्टेडियम परियोजना के निर्माण के लिए कार्ययोजना नोएडा प्राधिकरण को दी गई थी। आरोप है कि इसमें 57 गैर अनुसूचित वस्तुओं की दरें रखी थीं। बाजार से इनका तुलनात्मक दर नहीं लिया गया था। एक ही फर्म से बाजार दर से अधिक दाम पर खरीदारी की गई थी। इस मामले में यादव सिंह समेत 11 लोग और एक कंपनी आरोपी हैं।