गाजियाबाद। मथुरा स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसीएल) के बिटुमेन ड्रम फिलिंग प्लांट से 229.59 मीट्रिक टन (डामर) की कथित चोरी और हेराफेरी के मामले में मंगलवार को सुनवाई नहीं हो सकी। गवाह के अदालत में उपस्थित नहीं होने के कारण विशेष सीबीआई अदालत के पीठासीन अधिकारी भारत सिंह यादव ने अगली सुनवाई के लिए 18 नवंबर की तारीख तय की है।
सीबीआई के मुताबिक, प्लांट के तत्कालीन ऑपरेशंस ऑफिसर अनिमेष वर्मा ने अकाउंट्स ऑफिसर-द्वितीय अशोक कुमार यादव, अवधेश कुमार और अन्य के साथ मिलकर डामर की अवैध निकासी की साजिश रची थी। आरोप है कि आईओसीएल की वैध अभिरक्षा से चार टैंक ट्रकों के जरिये 229.59 मीट्रिक टन बिटुमेन बाहर निकाला गया। साक्ष्य छिपाने के लिए कंप्यूटरीकृत रिकॉर्ड से डिलीवरी का ब्योरा भी मिटा दिया गया। इससे आईओसीएल को लाखों रुपये का नुकसान हुआ और आरोपियों ने अनुचित लाभ कमाया। सीबीआई ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपपत्र दाखिल किया था।