मोदीनगर। हापुड़ मार्ग पर गांव खंजरपुर के समीप बुधवार पूर्वाहन मोपेड व कार की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में मोपेेड सवार वृद्ध अमरपाल सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद हापुड़ मार्ग पर जाम लग गया। राहगीरों ने मोपेड को मार्ग से हटाकर यातायात सुचारू कराया।
भोजपुर के गांव सुजानपुर अखाड़ा निवासी 62 वर्षीय अमरपाल सिंह बुधवार को मोपेड से मोदीनगर जा रहे थे। पूर्वाहन करीब 11 बजे जैसे ही उन्होंने मोदीनगर-हापुड़ मार्ग पर गांव खंजरपुर पार किया तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से भिड़ंत हो गई। हादसे में अमरपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और मोपेड क्षतिग्रस्त हो गई। गंभीर रूप से घायल अमरपाल सिंह को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अमरपाल सिंह के पुत्र पिंटू ने मोदीनगर थाने में तहरीर दी है।
वहीं मोदीनगर में दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित रोडवेज बस स्टैंड के चौकीदार राजवीर सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जनपद मेरठ के गांव साफियाबाद निवासी 55 वर्षीय राजवीर सिंह संविदा पर चौकीदार थे। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई करने से इन्कार कर दिया। उन्होंने हार्टअटैक से मौत की आशंका जताई। एसीपी ने बताया कि परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया। परिजनों के अनुसार राजवीर सिंह बीमार चल रहे थे।