मोदीनगर/गाजियाबाद। मोदीनगर की जनता कालोनी में रहने वाली मधु शर्मा (70) की उन्हीं के इकलौते बेटे राहुल भारद्वाज ने हसिया और चाकू से हमला करने के बाद गर्दन रेत कर हत्या कर दी। शनिवार दोपहर कमरे में हत्या करने के बाद मां के शव को खींचकर आंगन में लाया। एक घंटे तक शव को देखकर रोता रहा। उसके बाद मकान में ताला बंदकर थाने पहुंचा, जहां उसने पुलिसकर्मियों को बताया कि उसने अपनी मां की हत्या कर दी है, गिरफ्तार कर लो, मां का शव मकान में पड़ा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा।
डीसीपी सिटी सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि मधु शर्मा के पति वेद प्रकाश एक्साइज में हेड कांस्टेबल थे। करीब 20 वर्ष पूर्व उनकी मौत हो गई। मधु शर्मा का कई दिनों से अपनी बहू परिणीता से घर के खर्च को लेकर विवाद चल रहा है। राहुल और उसकी पत्नी का आरोप है कि पेंशन के पैसे वह उसकी पांच बहनों पर खर्च कर देती है। बेरोजगार होने के चलते राहुल, उसकी पत्नी व बेटे को आर्थिक तंगी में रहना पड़ता है। सास से विवाद के चलते शुक्रवार को परिणीता अपने अपने आठ वर्षीय बेटे अंशुल को लेकर मायके चली गई थी। घर में मां और बेटा थे। शनिवार को मधु शर्मा फफराना रोड स्थित जनता कॉलोनी में ही रहने वाली बेटी इंद्रा के घर चली गईं। जहां से करीब 10 बजे लौटीं। खाना और नाश्ता बनाने पर मां-बेटे का विवाद हो गया। जिसके बाद मधु शर्मा अपने कमरे में चली गईं। पत्नी के घर छोड़कर जाने से आक्रोशित राहुल भारद्वाज ने घर में रखे हसिया से मां की गर्दन पर कई वार किए। इसके बाद रसोई में रखे चाकू से गर्दन रेतकर हत्या कर दी। दोपहर करीब साढे बारह बजे आरोपी थाने पहुंचा और खुद को गिरफ्तार करने की बात कही। पुलिस राहुल भारद्वाज को हिरासत में लेकर घर पहुंची तो आंगन में उसकी मां का लहूलुहान हालत में शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है और राहुल को गिरफ्तार कर आलाकत्ल बरामद कर लिया है।
-पांच बहनों का इकलौता भाई है राहुल-
आसपास के लोगों ने बताया कि राहुल कैब तो कभी ऑटो चलाकर परिवार की गुजर बसर करता है और शराब पीने का आदी है। पांच बहनों का इकलौता सबसे छोटा भाई राहुल भारद्वाज को शक था कि पेंशन के साथ-साथ उसकी मां अपनी बेटियों के नाम मकान भी कर देगी। इसी को लेकर राहुल और उसकी पत्नी परिणीता मधू शर्मा से झगड़ते रहते थे।
-डेढ़ घंटे तक किया विलाप-
राहुल भारद्वाज ने अपनी मां का कत्ल करीब साढे दस और ग्यारह बजे के बीच किया। कमरे से शव खींचकर आंगन में लाया और करीब डेढ़ घंटे तक शव के पास बैठा अफसोस करता रहा। इस दौरान मकान का मुख्य द्वार बंद था। राहुल को शक था कि यदि वह मौके से भाग गया तो उसकी पत्नी को भी पुलिस गिरफ्तार कर सकती है। ऐसे में उसने थाने में पहुंचकर सरेंडर करने में ही भलाई समझी।
-नौ वर्ष पूर्व परिणीता से किया है प्रेम विवाह-
राहुल भारद्वाज ने प्रेम प्रसंग के चलते मोदीनगर की रहने वाली परिणीता से प्रेम विवाह किया था। उनका आठ वर्षीय बेटा राहुल है। सास से विवाद के चलते बहू परिणीता घर छोड़कर अपने मायके चली गई थी। पत्नी और बेटे के घर छोड़कर जाने की जिम्मेदार भी राहुल भारद्वाज ने अपनी मां को ही ठहराया।