साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थाने के हेड कांस्टेबल यदुवीर सिंह को कुछ युवकों ने मंगल पांडे चौक पर घेर लिया। एक युवक ने हेड कांस्टेबल पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। यदुवीर सिंह की नेम प्लेट न लगे होने से विवाद और बढ़ गया। सूचना पर पहुंचे अन्य पुलिस कर्मियों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी नहीं माने। इसके बाद पुलिस युवकों को थाने ले गई मामला 20 जुलाई की रात का है। वहीं, 23 जुलाई को सोशल मीडिया पर इसकी वीडियो तेजी से वायरल हुईं। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर 1ः37 मिनट की पहली वीडियो वायरल हुई। इसमें हेड कांस्टेबल यदुवीर सिंह बिना नेम प्लेट के वर्दी पहने बाइक पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। उनके आसपास लोगों की भीड़ है और सभी उन पर युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगाते दिखाई दे रहे हैं। जिस युवक को थप्पड़ मारा गया दूसरी वीडियो में उसके पिता को देखा जा रहा था। इस वीडियो में युवक के पिता हेड कांस्टेबल से कहते दिखाई दे रहे हैं कि मुझे पता है तू शालीमार गार्डन थाने में तैनात है, लेकिन यह बता कि तूने थप्पड़ क्यों मारा। इस वीडियो में एक अन्य पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहा है। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि युवकों को थाने लाकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया था। यहां उनके शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। युवकों के परिजनों को बुलाकर बातचीत के बाद युवकों को भेज दिया गया।