परीक्षा देते विद्यार्थी से मिली नकल। स्रोत: सीसीएसयू
गाजियाबाद। एमएमएच कॉलेज में सीसीएसयू की विषम सेमेस्टर की सुबह की पाली की परीक्षा में कॉलेज के ही आतंरिक उड़नदस्ते ने जूते में नकल छिपाकर लाए एलएलबी के एक छात्र को पकड़ा।
दस्ते की चेकिंग को देखकर वह बाथरूम जाने का बहाना बनाने लगा। तभी टीम ने छात्र की तलाशी ली तो जूते के अंदर से अलग-अलग रंग की दस से ज्यादा पर्चियां बरामद हुईं। दस्ते के पहुंचने से पहले ही वह उत्तर पुस्तिका में भी दो प्रश्नों के उत्तर लिख चुका था।
एलएलबी का ही दूसरा छात्र पर्ची से नकल करते हुए पकड़ा गया। छात्र गाइड के पन्नों पर लिखी सामग्री को स्कैन कराने के बाद उनको छोटा कराकर पर्चियां लाया था।
दोनों छात्रों से बरामद सामग्री, प्रश्नपत्र, उत्तर पुस्तिका को कब्जे में लेकर उसको यूनिवर्सिटी भेजा गया। एमएमएच कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. संजय सिंह ने बताया कि पारदर्शिता से परीक्षा कराई जा रही है। जो छात्र पकड़े गए हैं, वह निजी कॉलेजों में पढ़ते हैं।