गढ़मुक्तेश्वर के सिंभावली ब्लॉक क्षेत्र की मुख्य सीएचसी गांव सिखैड़ा-मुरादाबाद में स्थित है। इस गांव में एक माह में नौ लोगों की मौत बुखार समेत अन्य कारणों से हो चुकी है, वहीं लगभग प्रत्येक घर में बीमारी पैर पसारे हुए है।
बुखार समेत सीजनल बीमारियों से लोग परेशान हैं। लेकिन अभी तक भी स्वास्थ्य विभाग ने गांव में कैंप नहीं लगाया है और ना ही प्रशासनिक स्तर से सैनिटाइजेशन हुआ। वहीं गांव के बुजुर्ग भी इस महामारी को लेकर चिंतित हैं। गांव में इस समय भी आठ लोग कोरोना संक्रमित हैं।
सिंभावली ब्लॉक क्षेत्र के गांव सिखैड़ा की आबादी करीब 15 हजार है। वर्तमान में स्थित यह बनी हुई है कि गांव में लगभग प्रत्येक घर में कोई ना कोई बीमार है। गांव में 18 अप्रैल से अब तक नौ लोगों की मौत हुई है। जिनमें सभी आयु वर्ग के लोग शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में किसी भी व्यक्ति की मृत्यु कोरोना संक्रमण से होने की पुष्टि नहीं की गई है।
बता दें कि गांव सिखैड़ा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित है, जिसमें ओपीडी समेत इमरजैंसी व प्रसव समेत अन्य सुविधाएं मौजूद हैं। सीसचसी बनने से लोगों को राहत मिली है, लेकिन वर्तमान में विभाग द्वारा गांव में कैंप लगाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच नहीं की जा रही है और ना ही डोर-टू-डोर कोरोना की जांच हो सकी है।ना ही सैनिटाइजेशन कराया गया है।
क्या कहते हैं ग्रामीण
कोरोना संक्रमण महामारी के रूप में पूरी तरह फैल चुका है, जिसकी रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने के साथ ही एहतियात भी जरूरी हैं। संकट के इस दौर में सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।-अरविंद
अपने जीवन में इस तरह का प्रकोप कभी नहीं झेला। हालत इतने खराब हैं कि घरों से बाहर निकलने से डर लगने लगा है। लोगों से मिलना-जुलना भी बंद हो गया है।-राजवीर त्यागी
कुछ साल पहले बुखार और चिकनगुनिया का प्रकोप हर घर में छा गया था, लेकिन उस समय भी इतनी मौत नहीं हुई थीं। किसी को जुकाम या खांसी भी हो, तो कोरोना का खतरा लगने लगता है। -सुखवीर सिंह
चुनाव जीतने के बाद से ही गांव में सफाई कार्य आरंभ कराया जा चुका है, ग्रामीणों के सहयोग से सैनिटाइजेशन भी कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग से भी लगातार गांव में कैंप लगाकर लोगों की जांच की भी मांग की गई है। वहीं ग्रामीणों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जा रहा है। -धर्मेंद्र सिंह, प्रधान, सिखैड़ा
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गांव में ही स्थित है, जहां मरीजों के लिए जांच समेत सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। कोविड जांच के साथ ही वैक्सीनेशन भी कराया जा रहा है। -डॉ. आनंदमणि, सीएचसी अधीक्षक
अभी तक मृतकों की सूची
नाम तारीख
आसिया 18 अप्रैल
शौकीन 23 अप्रैल
तैय्यब 27 अप्रैल
नूर मोहम्मद 30 अप्रैल
हसनैन 30 अप्रैल
शकुंतला एक मई
सगीर अहमद 5 मई
ज्ञानचंद 8 मई
स्वालेहिन 8 मई