बिल्डर पर अस्पताल की जमीन दबाकर बैठने का आरोप
साहिबाबाद। वार्ड 99 के पार्षद ने जीडीए वीसी को पत्र लिखकर शिप्रा स्टेट लिमिटेड को दी गई अस्पताल एवं स्कूल की जमीन वापस लेने की मांग की है। पार्षद का आरोप है कि जीडीए द्वारा वर्ष 2001 में शिप्रा एस्टेट लिमिटेड को हाउसिंग के लिए जगह अलॉट की गई थी जिसमें करीब 2200 मीटर का प्लॉट नर्सिंग होम बनाने के लिए भी था, लेकिन बिल्डर द्वारा अभी तक इस जमीन पर न तो अस्पताल बनाया गया है और न ही स्कूल का निर्माण किया गया है।
पार्षद अभिनव जैन ने पत्र के जरिए वीसी को बताया कि 2001 में प्रोजेक्ट शुरू कर सरकारी शर्तों के अनुरूप 2007 तक प्रोजेक्ट पूरा करना अनिवार्य था परंतु हॉस्पिटल एवं स्कूल का निर्माण नहीं हो सका। वर्तमान में इंदिरापुरम में कोई भी सरकारी अस्पताल नहीं है और जब भी अस्पताल निर्माण की बात होती है जमीन न होने का हवाला दिया जाता है जबकि जीडीए द्वारा बिल्डर को जो जमीन अलॉट की गई है वह खाली पड़ी है। पार्षद ने वीसी से अपील की है कि विकास प्राधिकरण को स्कूल एवं हॉस्पिटल की जगह वापस लेकर उसे स्वास्थ्य विभाग को दे देनी चाहिए ताकि वहां अस्पताल बनवाया जा सके। पार्षद ने कहा कि करोना काल में हर कोई प्राइवेट अस्पताल का बिल भरने में सक्षम नहीं है ऐसे में क्षेत्र में सरकारी अस्पताल का होना अनिवार्य है।