एक अप्रैल से मिलेंगे क्रिकेट ट्रायल के पंजीकरण फार्म
हापुड़। क्रिकेट की प्रतिभाओं के लिए राहत भरी खबर है। इस बार जनपद में ही क्रिकेट के ट्रायल होंगे। एक अप्रैल से पंजीकरण फार्मों की बिक्री शुरू होगी। इच्छुक खिलाड़ी रेलवे रोड स्थित गंगा टावर बिल्डिंग में बुक पैलेस से पंजीकरण फार्म प्राप्त कर सकते हैं। उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ ने फार्म की कीमत 300 रुपये निर्धारित की है।
युवाओं में क्रिकेट को लेकर काफी क्रेज है। आईपीएल शुरू होने के बाद से इस खेल के प्रति और ज्यादा रुझान बढ़ा है। ऐसे में प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए हापुड़ जिला क्रिकेट एसोसिएशन को उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ ने जिम्मेदारी सौंपी है। अभी तक हापुड़ जिला गाजियाबाद जनपद से सम्बद्ध था, लेकिन इस बार से हापुड़ और गौतमबुद्धनगर को बुलंदशहर से जोड़ दिया गया है। बुलंदशहर क्रिकेट एसोसिएशन के सहयोग से ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। हापुड़ जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. विपिन गुप्ता ने बताया कि अंडर-14 से लेकर रणजी तक के ट्रायल अब जनपद में ही होंगे। पंजीकरण फार्म एक अप्रैल से मिलने शुरू होंगे। खिलाड़ी रेलवे रोड स्थित गंगा टावर बिल्डिंग में बुक पैलेस से पंजीकरण फार्म प्राप्त कर सकते हैं। खिलाड़ियों के लिए यह सुनहरा मौका है, ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी ट्रायल में भाग लें। उन्होंने बताया कि अब से पहले खिलाड़ियों को दूसरे जनपद पर निर्भर रहना पड़ता था। लेकिन अब पारदर्शिता और निष्पक्षता से ट्रायल आयोजित होंगे। इसमें उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ के माध्यम से ऑर्ब्जवर नियुक्त किए जाएंगे। सभी ट्रायल उनकी देखरेख में ही होंगे। रविंद्र गुर्जर ने बताया कि जनपद में जितनी भी क्रिकेट अकादमी चल रही हैं। अगर वह कोई भी क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित कर रही हैं तो वह जिला क्रिकेट एसोसिएशन से सम्बद्ध कोई भी लोगो या नाम का उपयोग नहीं करेंगे, यह उनका निजी टूर्नामेंट होगा। ट्रायल के बाद एसोसिएशन संघ के आदेश पर टूर्नामेंट या मैच का आयोजन करेगी।
महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को मौका
क्रिकेट ट्रायल में इस बार महिला खिलाड़ी भी भाग लेंगी। उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ द्वारा महिला खिलाड़ियों को प्राथमिकता पर शामिल किया जाएगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. विपिन गुप्ता ने बताया कि जिले से महिला खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व ज्यादा से ज्यादा हो, एसोसिएशन इसके लिए महिला खिलाड़ियों को जागरूक करेगी।