हाईवे-9 पर 200 कैमरे चालू, नियम तोड़े तो घर पहुंचेगा चालान
पिलखुवा। दिल्ली-मुरादाबाद नेशनल हाईंवे पर अब अगर आपने वाहन चलाते वक्त नियमों को उल्लंघन किया तो चालान सीधे आपके घर पहुंच जाएगा। हाईंवे पर 200 कैमरे चालू हो गए है, टोल प्लाजा पर कंट्रोल रूम भी तैयार है। जल्द ही एनएचएआई ट्रैफिक पुलिस से तालमेल कर ओवर स्पीड एवं सीट बेल्ट न लगाने वालों के चालान की व्यवस्था कराएगी।
डासना से हापुड़ बाईपास तक नेशनल हाईवे-9 अब दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का फेज तीन भी है। इस पूरे फेज में 200 एएनपीआर (आटोमैटिक नंबर प्लेट रीडर) लगाए गए हैं । यह ऐसे कैमरे हैं जो वाहन की नंबर प्लेट के साथ चालक की सीट बेल्ट भी चेक कर लेंगे। अगर आपने कोई नियम तोड़ा तो मोबाइल पर एक मैसेज के साथ ई-चालान आपके पते पर स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा जाएगा। चालान का भुगतान नहीं करने पर वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डासना से हापुड़ तक हर दो किलोमीटर की दूरी में एक कैमरा लगाया गया है। इनका कंट्रोल छिजारसी टोल प्लाजा पर है।
ऐसे होगा ई-चालान
हाईंवे पर लगे एएनपीआर कैमरा वाहन की नंबर प्लेट से लेकर चार पहियां एवं उससे बड़े वाहन चालक की सीट तक को कैद करेगा। चालक मोबाइल फोन पर बात कर रहा है या नहीं, उसने सीट बेल्ट लगा रखी या नहीं, यह सब कैमरे में कैद हो जाएगा।
एसपी से जल्द होगी वार्ता
डासना से हापुड़ बाईपास तक करीब दो सौ एएनपीआर कैमरा लगाये गये हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों का यातायात पुलिस के माध्यम से चालन भेजे जाएंगे। एसपी हापुड़ से वार्ता कर इसी सप्ताह से चालान भेजने की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है।
अमित शर्मा, महाप्रबंधक एप्को चेतक।