आत्महत्या का मेसेज लिख आठ घंटे बाद लौटा
पिलखुवा। सोमवार की सुबह दोस्तोें को सुसाइड नोट और वीडियो डालकर एक युवक धौलाना में दोस्त के घर चला गया। परिजनोें ने वीडियो और सुसाइड नोट के आधार पर युवक की तलाश के लिए पुलिस को तहरीर दे दी। करीब आठ घंटे बाद शाम को युवक दोस्त के घर से वापस लौट आया। युवक ने पुलिस को बताया कि वह अवसाद में है इसलिए उसने आत्महत्या की बात लिख दी थी।
सोमवार दोपहर को एक व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा स्थानीय किशन गंज कॉलोनी में कोचिंग करता था। सोमवार सुबह लगभग पांच बजे उनके बेटे ने अपने दोस्त को वीडियो के साथ सुसाइड नोट भेजा था। सुसाइड नोट में उसने अपने परिजनों को प्यार लिखते हुए कहा था कि वह जिंदगी से हार चुका है। लगातार हर कार्य में फेल होने से परेशान। इसीलिए वह आत्महत्या करने जा रहा है। दोस्त ने वीडियो और सुसाइड नोट लापता युवक के परिजनों को दिखाए। परिजनों ने पहले उसे तलाशा और फिर कोतवाली में तहरीर देकर सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई। शाम को उसके अचानक वापस आने के बाद परिजनों में खुशी है। युवक के पास घर आने पर परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना का कहना है कि युवक अवसाद के कारण धौलाना निवासी अपने दोस्त के यहां चला गया था। दोस्त और परिजनों द्वारा समझाने के बाद वह स्वंय ही शाम को वापस घर आ गया है।