फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कलक्ट्रेट पहुंचे आदर्शनगर के लोग, तीन महीने का अल्टीमेटम

विज्ञापन
विज्ञापन
कलक्ट्रेट पहुंचे आदर्शनगर के लोग, तीन महीने का अल्टीमेटम
विज्ञापन

हापुड़। आदर्शनगर के 110 परिवार सड़क और नाली बनवाने के लिए सोमवार को अपने घरों की चाभियां लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। धरनास्थल पर ही इन लोगों ने डेरा डाल दिया और वहीं चाय बनाई। प्रदर्शनकारियों ने अपने घरों की चाभियां लहराते हुए कहा कि अब वह अपने घर तभी लौटेंगे जब सड़क बन जाएगी। तब प्रशासन ही उनके घरों की चाभियां रखे, वह कलक्ट्रेट के गेट पर ही रहेंगे। एसडीएम और नगर पालिका के ईओ ने लोगों को भरोसा दिया कि अक्तूबर तक काम पूरा हो जाएगा। इस पर लोगों ने चेतावनी दी कि अगर तीन महीने में काम न हुआ तो पांच लोग आत्मदाह करेंगे। अफसरों के समझाने पर लोग वापस लौट गए।
आदर्शनगर कॉलोनी के 110 परिवार अपने घरों की चाभियां लेकर सोमवार सुबह को ही ई-रिक्शा का काफिला लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। पुलिस ने इस सभी को कलक्ट्रेट के गेट पर ही रोक लिया। इस पर सामाजिक दूरी बनाते हुए प्रदर्शनकारी गेट पर बैठ गए और बैनर लगाकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी डीएम या एडीएम को बुंलाने की मांगे पर अड़ गए। करीब 11.15 बजे एसडीएम सत्यप्रकाश व पालिका ईओ एसके गौतम वर्ता के लिए पहुंचे। इन्होंने अफसरों को समझाकर तीन माह में काम शुरू कराने का आश्वासन दिया। प्रदर्शनकारियों ने तीन माह में काम शुरू नहीं होने पर पांच लोगों के आत्मदाह करने की चेतावनी दी। लोगों ने पक्की सड़क, जलभराव, जलनिकासी, भराव, गंदगी सहित तमाम मुद्दों पर बात की। उन्होंने पालिका एई प्रवीण कांबोज व जेई प्रमोद कुमार को पूर्व में बनाए एस्टीमेट की कॉपी सौंपने के निर्देश दिए, लेकिन पालिका अफसरों ने बजट आने पर ही काम शुरू कराने की बात कही।
विज्ञापन

धरने का प्रतिनिधित्व कर रहे रामभूल कहा कि तीन माह का समय प्रशासन व पालिका को काम शुरू कराने के लिए दिया। उन्होंने तीन माह में काम शुरू नहीं होने पर मोहल्ले के पांच लोगों संग आत्मदाह करने की चेतावनी दी। उसके बाद ही धरना समाप्त हो सका। धरने में मदन सिंह, प्रेमपाल, पुरूषोत्तम, राजकुमार, छिद्दा सिंह, मुकेश कुमार, कुंवरपाल, नीलू, अनिल, मदन, जगदीश, कैलाश, बाबूलाल, जयभगवान, अनिता, सीमा, कविता, कुसुम, सुदेश, राजकुमारी, सुमन, उमेश, मुनेश आदि रहे।
यह है आदर्शनगर प्रकरण
आदर्शनगर कॉलोनी के लोग दो साल से आधारभूत सुविधाओं जैसे पक्की सड़क, नाली, पथ प्रकाश आदि समस्याओं से जूझ रहे हैं। इसको लेकर पिछले दिनों स्थानीय लोगों ने मकान बिकाऊ है के पोस्टर लगा दिए थे। एसडीएम व ईओ ने मौके पर पहुंचकर करीब 1.25 करोड़ का एस्टीमेट तैयार कराया था। लोगों ने एक सप्ताह में काम शुरू नहीं होने पर कलक्ट्रेट पहुंचकर अपने घरों की चाबियां डीएम को सौंपने का अल्टीमेटम दिया था।
दाल-चावल और बर्तन लेकर पहुंचे
आदर्शनगर के लोग पूरी तैयारी से धरने के लिए पहुंचे। वह अपने साथ दो सिलेंडर, गैस भट्टी, चूल्हा, बर्तन व खाने-पीने का सामान भी लेकर पहुंचे। धरने पर बैठे लोगों ने सुबह को करीब 11 बजे चाय बनाई। उसके बाद दाल चावल बनाने की भी तैयारी की गई थी, लेकिन प्रशासनिक व पालिका अधिकारियों की मध्यस्थता के चलते धरना दोपहर से पहले ही समाप्त हो गया। इससे खाना बनाने की योजना परवान नहीं चढ़ सकी।
विज्ञापन

सभासद के खिलाफ भी नारेबाजी
धरने पर बैठे लोगों ने अपने वार्ड सभासद के खिलाफ भी नारेबाजी की। सड़क, पेयजल व लाइट की शिकायत करने पर महिलाओं से अभद्रता करने का भी आरोप लगाया। महिलाओं ने भी सभासद के खिलाफ नारेबाजी की।
तीन महीने में शुरू हो जाएगा काम
आदर्शनगर कॉलोनी में तीन माह के अंदर काम शुरू करा दिया जाएगा। लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
सत्यप्रकाश, एसडीएम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें