राहत: जिले में एक फीसदी से कम हुई कोरोना संक्रमण की दर
हापुड़। कोरोना संक्रमण की दर जिले में 0.76 फीसदी आ गई है। रोजाना 100 लोगों की जांच में अब संक्रमित मिलने वालों का औसत एक से कम है। 7 मई के पहलेे जब संक्रमण पीक पर था तब 100 लोगों की जांच पर औसतन 30 संक्रमित प्रतिदिन तक मिल रहे थे। अब दो हजार से अधिक लोगों की जांच की जा रही हैं। ऐसे में जांच का दायरा भी बढ़ा है।
जिले में कोरोना की दूसरी लहर अप्रैल महीने के पहले सप्ताह में शुरू हुई थी। मई की शुरुआत में संक्रमण चरम पर रहा। 7 मई को एक ही दिन में सर्वाधिक 403 मामले सामने आए। उस समय हर 100 लोगों की जांच पर 25 से 30 लोग संक्रमित मिल रहे थे। लेकिन 7 मई के बाद संक्रमण की दर में गिरावट होनी शुरू हो गई। अब हाल यह है कि इन दिनों जिले में प्रतिदिन संक्रमण दर एक फीसदी से भी कम रह गई है। रोजाना दो हजार से अधिक लोगों की जांच की जा रही है, इसमें 20 से 30 लोग ही संक्रमित मिल रहे हैं।
अभी सावधानी बरतने की जरूरत
अभी सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि संक्रमण खत्म नहीं हुआ है, लोगों की थोड़ी लापरवाही फिर से नया संकट खड़ा कर सकती है। कोरोना कर्फ्यू खुलने के बाद दिन सें बाजारों में लोगों की काफी भीड़ दिखाई दे रही है। कुछ लोगों द्वारा मास्क एवं सोशल डिस्टेंसिंग में लापरवाही भी सामने आ रही है। ऐसी स्थिति में संक्रमण फिर बढ़ सकता है। इसलिए नियमों की अनदेखी कतई न करें।
तेजी से घटी संक्रमण दर
जिले में संक्रमण की दर एक फीसदी से भी कम हैं। स्वास्थ्य विभाग और लोगों के सहयोग से जिले के हालात सामान्य हैं। लेकिन अभी भी लोगों को और सतर्क रहना है।
डा. रेखा शर्मा, सीएमओ
सतर्कता से घटा संक्रमण
कोरोना संक्रमण की दर तेजी से घट रही है। हापुड़ के लोगों ने एकजुटता से कोरोना को हराने का कार्य किया है। लेकिन लोगों को अभी सावधान रहने की जरूरत है।
अनुज सिंह, डीएम
-जिले में जांच और संक्रमितों की स्थिति-
दिनांक जांच संक्रमित
2 जून 2100 16
एक जून 2168 23
31 मई 2037 17
30 मई 1827 21
29 मई 2183 18