हापुड़-मुरादाबाद रूट पर चलने वाले यात्री आज घर से जरा संभल कर निकलें। नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने एनएच-9 स्थित पिलखुवा एलिवेटेड रोड और मसूरी गंगनहर पुल को तीन दिन के लिए बंद करने का फैसला लिया है। रोड टेस्टिंग के लिए आज (शनिवार) से दोनों जगह पर ट्रैफिक को बंद कर दिया जाएगा। ऐसे में हापुड़ की तरफ जाने व आने वाले वाहनों को नीचे सर्विस रोड से गुजारा जाएगा।
विजय नगर (बहरामपुर) स्थित निर्माणाधीन हिंडन पुल पर गार्डर लांचिंग का काम भी आज से शुरू हो रहा है। इस दौरान एक लाइन बंद रखी जाएगी। इस दौरान हिंडन कैनाल रोड को बंद किया जाएगा। ऐसे में यहां पर भी जाम लगने की संभावना है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के तीसरे चरण में डासना से हापुड़ के बीच छह लेन का नेशनल हाइवे और दोनों तरफ दो-दो लेन की सर्विस रोड बनकर तैयार है। पिलखुवा एलिवेटेड रोड को बीते महीने यातायात के लिए खोला गया था जबकि मसूरी गंगनहर पुल को बीते मंगलवार को ही यातायात के लिए खोला गया था। अब दोनों जगह पर ट्रैफिक को रोका जा रही है।
एनएचएआई का कहना है कि एलिवेटेड रोड और पुल को अंतिम रूप से खोले जाने के लिए सेफ्टी और लोड टेस्टिंग होना जरूरी है। पिलखुवा एलिवेटेड रोड का एक बार टेस्टिंग हो चुकी है, लेकिन अंतिम टेस्टिंग होनी जरूरी है। इसके लिए गुजरात की एजेंसी को अधिकृत किया गया है, जो दोनों तरफ लोड से भरा हुआ ट्रक खड़ा करके टेस्टिंग का काम शुरू करेगी। टेस्टिंग के कई चरण होते है, जिसके चलते कम से कम तीन दिन का समय लगेगा।
टेस्टिंग शुरू होते ही बंद होगी एलिवेटेड और मसूरी पुल
एनएचएआई की तरफ से कहा गया है कि अगर एजेंसी शनिवार सुबह से टेस्टिंग का काम शुरू करती है तो सुबह में ही यातायात को बंद कर दिया जाएगा। ऐसे में यातायात उसी वक्त बंद किया जाएगा जब टेस्टिंग का काम शुरू होगा। इस संबंध में हापुड़ और गाजियाबाद में ट्रैफिक पुलिस को भी जानकारी दी जा चुकी है।
मंगलवार तक टोल भी शुरू करने की तैयारी
छिजारसी (पिलखुवा) में एनएच-9 पर नया टोल बनकर तैयार है। शुरूआत में आठ बूथ पर टोल लेने की सुविधा की गई है। टोल का टेंडर जुलाई में ही छोड़ा जा चुका है। संबंधित कंपनी की तरफ से बैंक गारंटी भी जमा करा दी गई है। अब बस एनएचएआई और कंपनी के बीच समझौते पर हस्ताक्षर होने हैं। उसके बाद टोल टैक्स लेना शुरू कर दिया जाएगा।
पिलखुवा एलिवेटेड रोड और मसूरी गंगनहर पुल को यातायात के लिए तीन दिन तक बंद किया जा रहा है। अभी तक दोनों ही जगहों पर लोड टेस्टिंग का काम पूरा नहीं हुआ है। सोमवार तक टेस्टिंग का काम पूरा होगा। उसके बाद दोनों को यातायात के लिए अंतिम रूप से खोल दिया जाएगा-
मुदित गर्ग, डीजीएम, एनएचएआई