अज्ञात वाहन की टक्कर से मेरठ के म्यूजिक टीचर की मौत
मसूरी। मसूरी थानाक्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार म्यूजिक टीचर को कुचल दिया। मृतक म्यूजिक टीचर अक्षित प्रताप सिंह (25) मेरठ के रहने वाले थे। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद परिजनों को मौके पर बुलाया और पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुट गई है।
मेरठ के लक्ष्मी विहार निवासी अक्षित प्रताप सिंह म्यूजिक टीचर थे। वह प्राइवेट संस्थानों में अपनी सेवाएं देते थे। बुधवार को वह बाइक लेकर किसी काम से मेरठ से नोएडा जा रहे थे। जैसे ही वह मसूरी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ हाईवे पर गांव नूरपुर के सामने पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। अनियंत्रित होकर बाइक सड़क पर गिर गई और अक्षित वाहन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। जेब में मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतक की शिनाख्त करते हुए पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। रोते-बिलखते परिजन गाजियाबाद आ पहुंचे। मसूरी एसएचओ शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के पिता विजयपाल सिंह की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।