लोनी। जिम में महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। शुक्रवार को डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने लोनी थानाक्षेत्र के जिम संचालकों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिम में आने वाली महिलाओं और युवतियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना संचालकों की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विज्ञापन
डीसीपी ने सभी जिम के प्रवेश और निकास द्वार पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि कैमरों का एंगल चेंजिंग रूम की तरफ नहीं होना चाहिए। महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला जिम ट्रेनर की तैनाती भी सुनिश्चित करने और वहां आने वाले प्रत्येक सदस्य का पहचान पत्र और पूरा विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए। सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराना अनिवार्य है। डीसीपी ने जिम के बाहर शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत देते हुए चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।