खोड़ा। सूर्या हत्याकांड के मद्देनजर रविवार को भी नवनीत विहार और आसपास के इलाकों में तनाव व्याप्त रहा। हिंदू संगठनों की टोलियां हर पांच मिनट में सूर्या को श्रद्धांजलि देेन के लिए पहुंचतीं रहीं। नारेबाजी होती रही। इस दौरान पूरा इलाका छावनी में तब्दील रहा। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
पीड़ित परिवार से मिलने और सांत्वना देने के लिए लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। इससे यहां भीड़ इतनी बढ़ गई कि कुछ देर के लिए नेशनल हाइवे-09 पर जाम की स्थिति बन गई। लोग मोहल्ले के बाहर, एनएच-09 की सर्विस रोड पर भी जमा थे। इस दौरान कुछ लोगों ने सर्विस रोड पर जाम लगाने का भी प्रयास किया लेकिन पुलिस के पहुंचने पर लोग तितर-बितर हो गए।
सूर्या की हत्या को लेकर हिंदू संगठनों व स्थानीय लोगों में आक्रोश है। रविवार को गाजियाबाद और उसके आसपास के इलाकों में भी सक्रिय हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि और नेता सूर्या के घर पहुंचे। इस दौरान संगठनों के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने जमकर नारेबाजी की गई। जय श्रीराम और सूर्या के हत्यारों को गोली मारो के नारे लगाए गए। क्षेत्र की महिलाएं भी असद के अलावा बाकी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सूर्या के घर पहुंचीं और उनकी मां सरोज ठाकुर से मिलकर सांत्वना दी।
तनाव के चलते बुलानी पड़ी आरएएफ, तैनात रही पीएससी
खोड़ा में पिछले तीन दिन से सांप्रदायिक तनाव का माहौल है। लगातार पुलिस बल तैनात है। वहीं रविवार को भी तनाव की स्थिति रही। इस दौरान एक दर्जन से अधिक थानों की फोर्स, तीन एसीपी, पीएसी और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) भी भारी संख्या में तैनात की गई। कुछ हिंदू संगठनों ने खोड़ा थाने पर पहुंचकर हत्या के विरोध में हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाकर थाने से वापस भेजा।
असद की बताकर सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो
रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स व इंस्टाग्राम पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुई। वीडियो पुलिस मुठभेड़ में मारे गए 50 हजार रुपये के इनामी हत्यारोपी असद की बताई गई। वीडियो के साथ लिखा गया कि हत्या के बाद असद ने बनाई वीडियो। हालांकि अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
वीडियो में एक युवक कहता दिख रहा है कि तुम्हारे भाई ने एक मर्डर मार दिया है। अब कुछ दिन के लिए जेल जा रहा है.. भाई लोगों प्यार देना। वीडियो इंस्टाग्राम पर विलेन डैड के नामक आईडी से चलाई गई। इस आईडी के 1600 फॉलोवर्स हैं। वहीं आईडी पर करन कुमार नाम से भी आईडी का संचालन होने की बात सामने आई। जब वीडियो पुलिस के पास पहुंची तब जांच में सामने आया कि वीडियो दिल्ली में कुछ दिन पहले हुए हत्याकांड को अंजाम देने वाले किसी आरोपी की थी।
तीसरे दिन भी बंद रहा बाजार
रविवार को पुलिस ने नवनीत विहार के मुख्य मार्ग को लोगों की आवाजाही के लिए खोल दिया था। हालांकि ऑटो रिक्शा, कार और माल वाहक वाहनों की आवाजाही बंद थी। इसके अलावा प्रदर्शन के दौरान ई-रिक्शा पर जा रहे यात्रियों को भी उतारकर रिक्शा वापस करने के मामले भी सामने आए। शुक्रवार को सूर्या की मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में तनाव की स्थिति थी। इसके बाद से बाजार बंद होना शुरू हो गया। वारदात के तीसरे दिन भी बाजार नहीं खुला। जिन लोगों ने दुकानें खोलीं भी उन्होंने न तो शटर पूरा उठाया और न ही कोई सामान बाहर रखा। मेडिकल स्टोर और एटीएम खुले रहे।