लिंक रोड स्थित वैशाली सेक्टर-1 की नीलपदम कुंज सोसायटी के पास ग्रीन बेल्ट पर अवैध कब्जा होने से रेजिडेंट्स में गुस्सा है। उनका आरोप है कि अफसरों की मिलीभगत से कुछ लोगों ने कब्जा कर ग्रीन बेल्ट पर पक्का निर्माण शुरू कर दिया है।
रेजिडेंट्स ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द अवैध कब्जे को नहीं रोका गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।रेजिडेंट्स ने बताया कि सोसायटी के सामने सड़क के दोनों तरफ जीडीए की ग्रीन बेल्ट है। एक ओर तो एक गाड़ी सर्विस सेंटर वाले ने कब्जा कर वर्कशॉप खोल ली, जबकि दूसरी तरफ जमीन खाली पड़ी हुई है।
जीडीए के देखरेख न करने से ग्रीन बेल्ट उजाड़ पड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि दो दिन से इस ग्रीन बेल्ट पर बोरिंग का काम चल रहा है। रात के समय निर्माण सामग्री भी आई है। उन्हें शक है कि कोई भूमाफिया ग्रीन बेल्ट पर अवैध कब्जा कर रहा है। यही नहीं वर्कशॉप पर भी खुदाई कर पिलर डालने का काम हो रहा है।
वर्कशॉप संचालक की ग्रीन बेल्ट पर अवैध तरीके से शोरूम खोलने की योजना है। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत सोमवार को जीडीए अधिकारियों से की जाएगी। जीडीए अधिकारी कार्रवाई नहीं करते है तो रेजिडेंट्स धरना प्रदर्शन करेंगे।
मामले में जीडीए के प्रवर्तन प्रभारी वाइएन चौधरी ने बताया कि जीडीए की ग्रीन बेल्ट पर कब्जे की कोई शिकायत नहीं है। ग्रीन बेल्ट पर कब्जा हो रहा है तो उसकी जांच कराई जाएगी और जमीन को खाली करवाकर उसमें पौध रोपण किया जाएगा।
पहले रुकवाया था अवैध निर्माण
सोसायटी के लोगों का कहना है कि चार साल पहले भी ग्रीन बेल्ट पर अवैध कब्जा किया जा रहा था। ग्रीन बेल्ट पर अवैध रूप से फार्म हाउस का निर्माण हो रहा था। इसकी शिकायत उन्होंने जीडीए से की थी। जीडीए ने कार्रवाई करते हुए निर्माण रुकवा दिया था।