लोनी। ट्रोनिका सिटी स्थित गद्दा फैक्टरी में आग लगने से लाखों का सामान जल गया। बृहस्पतिवार रात आसपास के लोगों ने आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों को दी। सूचना पर पहुंचे कर्मचारियों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। आग लगने के सही कारण का पता लगाया जा रहा है।
आग की लपटें उठतीं देख आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ट्रोनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर ए-2 में अल्फा चौक के पास एक गद्दा फैक्टरी है। देर रात अचानक फैक्टरी में आग लग गई। फैक्टरी से आग की लपटें निकलने लगीं। सूचना मिलते ही ट्रोनिका सिटी फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
तब तक फैक्टरी का अधिकांश हिस्सा आग की चपेट में आ चुका था। फैक्टरी में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल टीमें बुलाकर आग बुझानी शुरू की। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि दमकल टीम ने पुलिस के साथ आसपास की फैक्टरी को भी खाली कर लिया है। आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। कोई हताहत नहीं हुआ है।