साहिबाबाद। सोने के लगातार बढ़ते भाव ने इस बार अक्षय तृतीया के मौके पर चांदी की मांग को बढ़ा दिया है। सोने के बढ़ते रेट को देखते हुए लोग अब चांदी को खरीदने के लिए आगे आ रहे हैं। वहीं बाजार में बढ़ती चांदी की मांग को देखते हुए सुनारों में भी काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। सुनारों ने भी सोने और चांदी के आभूषणों की बिक्री को बढ़ावा देने के लिए ग्राहकों को लुभावने ऑफर देना शुरू कर दिया है। तिरुपति ज्वैलर्स के मालिक और सुनार अभय वर्मा ने बताया कि इस बार अक्षय तृतीया पर चांदी के आभूषणों की बिक्री में काफी वृद्धि हुई है। लोग चांदी के हल्के और स्टाइलिश डिजाइन वाले आभूषणों को खरीदने के लिए आगे आ रहे हैं। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि लोगों में इस बार चांदी की भगवान की मूर्ति और बर्तन खरीदने का क्रेज काफी देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भले ही इस बार चांदी की बिक्री अच्छी हो गई हो लेकिन फिर भी पिछले साल के मुकाबले बढ़ते सोने चांदी के भाव ने इस बार की बिक्री पर नकारात्मक प्रभाव डाला है। लोगों की जेब को ध्यान में रखते हुए इस बार चांदी के सिक्के, भगवान की मूर्तियां और चांदी के छोटे बर्तन रखे गए हैं। इन सामानों को गिफ्ट पैक के रूप में बेचा जा रहा है।
ग्राहकों को लुभाने के लिए सुनार दे रहे लुभावने ऑफर्स
इस बार चांदी का रेट सोने से कम होने के बाद भी पिछले साल के मुकाबले बिक्री का स्तर कम ही रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार बिक्री को तेज करने के लिए ग्राहकों को विभिन्न ऑफर भी दिए जा रहे हैं। इन ऑफर्स में छूट, मुफ्त में आभूषण साफ करने की सुविधा और अन्य लाभ शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सोने की बिक्री को तेज करने के लिए ग्राहकों को ऑफर के साथ सोना खरीदने पर चांदी फ्री मिल रही है।