गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम क्षेत्र के गुलधर के नजदीक झुग्गी झोपड़ी में रहने वाली सात वर्षीय बच्ची को अज्ञात वाहन ने 22 जून की रात टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी वाहन लेकर भाग गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मां ने वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
एसीपी कविनगर भाष्कर वर्मा ने बताया कि गुलधर के नजदीक सड़क किनारे कुछ परिवार झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रहते हैं। 22 जून की रात को झुग्गी-झोपड़ी निवासी राजकुमारी पत्नी स्व. मनोज कुमार के मुताबिक उनकी सात वर्षीय बेटी भारती 22 जून की रात करीब 11 बजे लघुशंका के लिए झोपड़ी से निकलकर सड़क पर पहुंच गई। सड़क किनारे लघुशंका करने के दौरान अज्ञात वाहन ने भारती को टक्कर मार दी। बेटी के रोने की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंची और घायल भारती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे जीटीबी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान भारती की मौत हो गई है। एसीपी ने बताया कि राजकुमारी की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मधुबन बापूधाम थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर आरोपी चालक की पहचान की जाएगी।