गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित होटल के कमरे में युवती ने अपने ही दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक युवती के साथ कमरे में एक गैर संप्रदाय का युवक भी था जो दो घंटे पहले ही होटल से घर चला गया था। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। मेडिकल टीम की निगरानी में युवती के शव का पोस्टमार्टम किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने मोक्ष धाम में ही शव का दाह संस्कार कर दिया।
एसीपी नगर कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात भूड़ भारत रेलवे रोड स्थित अंश होटल व गेस्ट हाऊस के कर्मचारी ने पुलिस को सूचना दी कि कमरे में एक 18 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी और फोरेंसिक टीम ने होटल के कमरे से साक्ष्य जुटाए और शव मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा।
एसीपी के मुताबिक बृहस्पतिवार की दोपहर 12 बजे युवती अकेले ही होटल में आती दिखाई पड़ी। जहां नदीम(19) कमरा बुक करके पहले से ही मौजूद था। शाम करीब आठ बजे नदीम बहाना बनाकर अपने घर चला गया। इसके बाद रात करीब 10 बजे युवती ने होटल के कमरे में अपने ही दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने होटल के कमरे से साक्ष्य जुटाए।
एसीपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी युवक एक बार होटल में आता और शाम को होटल से जाता दिखाई पड़ा है। जबकि युवक के जाने के बाद युवती दो बार होटल से बाहर आने और फिर कमरे में अकेले पहुंचने तक सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई है।
मां ने युवती को मार दिए थे थप्पड़ : एसीपी ने बताया कि युवती के परिजनों से भी पूछताछ की गई है। युवती की मां ने बताया कि गैर संप्रदाय के युवक के साथ खुलेआम घूमने पर उन्होंने बेटी से पूछताछ की थी। युवती नहीं मानी तो दो थप्पड़ जड़ दिए थे। एसीपी का कहना है कि प्रथम दृष्टया मां की पिटाई और होटल में छोड़कर युवक के भाग जाने से आहत युवती ने आत्महत्या की है।
मोबाइल में 17 कॉल 63 मैसेज : पुलिस ने आरोपी का मोबाइल खंगाला तो उसमें बृहस्पतिवार को 17 कॉल और 63 मैसेज युवती ने नदीम को किए थे। दोनों के बीच कुछ ऐसी बात हुई कि युवक उसे होटल में छोड़कर भाग गया। इसके बाद युवती ने युवक को कॉल कर होटल में बुलाने का दबाव बनाया। हालांकि युवक ने आने से इन्कार कर दिया और उसके बाद कॉल रिसीव नहीं की। आत्महत्या से पूर्व युवती ने एक अन्य युवक से भी बातचीत की थी। मोबाइल के मैसेज की जांच पड़ताल की गई तो युवती के एक अन्य युवक से भी नजदीकियां उजागर हुई हैं।