इंदिरापुरम। कौशांबी थाना क्षेत्र के वैशाली सेक्टर-1 की नीलपदमकुंज सोसायटी की नौवीं मंजिल से गिरकर मंगलवार रात करीब नौ बजे मोहिनी (20) की मौत हो गई। मोहिनी सोसायटी के फ्लैटों में घरेलू सहायिका का कार्य करती थीं। पुलिस घटना के पीछे की वजह जानने का प्रयास कर रही है।
एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र सिंह ने बताया कि, मूलरूप से ग्राम मोहकमगंज, थाना संधना, जनपद सीतापुर निवासी दिग्विजय परिवार के साथ बुद्ध विहार सेक्टर-1 वैशाली में किराये के मकान में रहते हैं। उनकी बेटी मोहिनी नीलपदमकुंज सोसायटी के फ्लैटों में घरेलू कार्य करती थीं। मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे मोहिनी घर से मोमोज खाने की बात कह कर निकली थी। परिजनों को कुछ देर बात पता चला कि मोहिनी सोसायटी की नौवीं मंजिल से गिर गई है।
मोहिनी को आनन फानन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। सोसायटी के लोगों ने बताया कि मोहिनी सोसायटी में दौड़ती हुई आई थी। लिफ्ट के जरिए वह बी ब्लॉक के नौवीं मंजिल पर पहुंची। इस दौरान लिफ्ट में कुछ लोग भी थे, जिन्होंने पुलिस को बताया कि मोहिनी परेशान दिख रही थी।
सीसीटीवी फुटेज में छलांग लगाती नजर आई युवती
एसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि पुलिस की टीम ने सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में युवती तेजी से सोसायटी की तरफ भागती हुई नजर आई। लिफ्ट से ऊपर चढ़कर नौवी मंजिल के सामने गैलरी से छलांग लगाकर जमीन पर गिरी। युवती के पास फोन नहीं था। परिजनों से पूछताछ के बाद मौत के कारण का पता चलेगा। मोहिनी के पिता गार्ड की नौकरी करते हैं। भाई मजदूरी करता है। पुलिस ने घर से लेकर सोसायटी तक सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो पता चला कि युवती का घर सोसायटी से करीब 200 मीटर दूरी पर है। वह घर से ही दौड़ती हुई साेयायटी में आई।