दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ तक 82 किमी लंबे रैपिड रेल कॉरिडोर के दुहाई डिपो में निर्माण संबंधी गतिविधियां एडवांस स्टेज में चल रही हैं। दुहाई डिपो में रैपिड रेल की टेस्टिंग के लिए एक किमी लंबा टेस्टिंग रनिंग ट्रैक का निर्माण जल्द पूरा होगा। वहीं, टेस्टिंग रनिंग ट्रैक में पटरियां बिछाने के साथ स्टेबलिंग यार्ड का निर्माण कार्य तेज गति से जारी है। दुहाई डिपो के यार्ड में 12 रैपिड ट्रेनों को खड़ा करने की व्यवस्था होगी। डिपो में स्टैंडर्ड गेज की तीन निरीक्षण और दो वर्कशॉप लाइन के काम को जल्द पूरा करने के एनसीआरटीसी के प्रयास जारी हैं।
रैपिड कॉरिडोर के पहले 17 किमी लंबे साहिबाबाद से दुहाई के प्राथमिकता वाले खंड और फिर दूसरे चरण की सभी गतिविधियों की निगरानी दुहाई डिपो से होगी। ऐसे में दुहाई डिपो में रैपिड रेल के मुख्य डिपो कंट्रोल सेंटर (डीसीसी), बैकअप ऑपरेशनल कंट्रोल सेंटर और इंजीनियरिंग ट्रेन यूनिट (ईटीयू) का निर्माण एडवांस स्टेज में चल रहा है। दिनभर संचालन के बाद रैपिड ट्रेनें दुहाई डिपो पहुंचेंगी। रैपिड ट्रेन के मेंटेनेंस और तकनीकी दिक्कतों के समाधान के लिए इंजीनियरिंग ट्रेन यूनिट स्थापित होगी। दुहाई डिपो में एनसीआरटीसी का मुख्य प्रशासनिक भवन निर्माण तेज गति से जारी है। डिपो में प्रशासनिक भवन अब अपना रूप लेने लगा है।
डिपो में बिजली आपूर्ति जल्द होगी सुनिश्चित
दुहाई डिपो में विभिन्न गतिविधियों के साथ रैपिड ट्रेनों को बिजली आपूर्ति प्रदान करने के लिए ओएचई (ओवर हेड इक्विपमेंट) को लगाने संबंधी गतिविधियां जारी हैं। ऐसे में जल्द पूरे डिपो में बिजली सप्लाई की व्यवस्था सुनिश्चित हो जाएगी। दूसरी ओर दुहाई में मुख्य प्रशासनिक गतिविधियों के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रशिक्षण संबंधी सुविधा भी होगी। दुहाई के अलावा दूसरा डिपो मेरठ के मोदीपुरम में होगा।
प्राथमिकता खंड में निर्माण का 2022 मध्य तक होगा पूरा
साहिबाबाद से दुहाई तक प्राथमिकता वाले सेक्शन का संचालन मार्च 2023 से होना है। ऐसे में निर्माण की रफ्तार को देखते हुए पहले खंड में सिविल संबंधी काम 2022 मध्य से पहले ही पूरा होने की उम्मीद बढ़ गई है। वहीं पहले खंड को मिलाकर अब तक कुल 800 पिलर्स का निर्माण हो चुका है। प्राथमिकता वाले खंड को साहिबाबाद से मेरठ रोड और मेरठ रोड से दुहाई तक दो भागों में विभाजित किया गया है। दोनों भागों में आठ किमी से अधिक एलिवेटेड ट्रैक (वायडक्ट) का निर्माण पूरा हो चुका है। केवल इस पर रैपिड की पटरी बिछना बाकी है। प्राथमिकता वाले खंड को मिलाकर अभी 16 लॉंचिंग गैंट्री मशीनें दिन रात काम कर रही हैं।
दुहाई डिपो में रैपिड के एक किमी लंबे टेस्टिंग रनिंग ट्रैक का काम तेजी से जारी है। दुहाई में मुख्य डिपो कंट्रोल सेंटर, बैकअप ऑपरेशनल कंट्रोल सेंटर और इंजीनियरिंग ट्रेन यूनिट सहित अन्य निर्माण कार्य एडवांस स्टेज में चल रहे हैं।
- पुनीत वत्स, सीपीआरओ, एनसीआरटीसी