हज हाउस की खुली सील
साहिबाबाद। जीटी रोड स्थित आला हजरत हज हाउस की सील एनजीटी के आदेश के बाद शुक्रवार को खोल दी गई। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, प्रशासन और पीसीबी की टीम की मौजूदगी में यह सील खोली। हाउस में सफाई व मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा। एसटीपी न होने और पानी हिंडन में डाले जाने के चलते इसे पिछले साल फरवरी में सील किया गया था।
छह दिसंबर 2016 को तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हज हाउस का उद्घघाटन किया था। एनजीटी के आदेश के बाद फरवरी 2018 में जिला प्रशासन ने हज हाउस को एसटीपी न होने के चलते सील कर दिया था। एनजीटी ने उत्तर प्रदेश हज हाउस समिति को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था कि अपशिष्टों के निदान के लिए इमारत में 136 किलो लीटर प्रतिदिन का एसटीपी स्थापित किया जाए। जल निगम के परियोजना प्रबंधक (कंसट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज) ने यहां करीब दो करोड़ की लागत से एसटीपी लगाने का काम पूरा किया। गत 24 जुलाई को एनजीटी ने सील खोलने का आदेश सुनाया था। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड क्षेत्रीय अधिकारी उत्सव शर्मा ने बताया कि पानी की व्यवस्था होने के बाद एसटीपी को चालू किया जाएगा। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी डा. अमृता सिंह ने बताया कि परिसर की सफाई में करीब 21 दिन लगेंगे। यहां पर कई चीजें चोरी हो चुकी हैं और गंदगी भी है। हज हाउस की छत से पानी भी टपक रहा है। हज हाउस की मरम्मत में करीब दो करोड़ रुपये खर्च होंगे। हज कमेटी ऑफ इंडिया के सदस्य इरफान अहमद ने बताया कि सोमवार से बिजली लगाने से हज हाउस को सुधारने का काम किया जाएगा।