निजी वाहनों पर कार्रवाई, प्रदूषण फैला रही रोडवेज बसों पर मेहरबानी
गाजियाबाद। जिले में प्रदूषण फैला रहे निजी वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि रोडवेज बसों पर पुलिस और परिवहन विभाग मेहरबानी दिखा रहा है। शहर के अंदर डग्गामार वाहन भी प्रदूषण फैला रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस से लेकर परिवहन विभाग के अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
निजी वाहनों के खिलाफ तो परिवहन विभाग से लेकर ट्रैफिक पुलिस तक कार्रवाई करती है। जब रोडवेज बसों की बात आती है तो अधिकारी कार्रवाई करने से बचते हैं। जो शहर में सबसे ज्यादा प्रदूषण का जहर घोल रही है। कुछ डग्गामार वाहन भी शहर में जहर घोल रहे हैं। परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कोई भी बस हो, नियम तोड़ने वाले प्रत्येक वाहन के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों पर नजर डालें तो जून में हॉर्न और प्रदूषण के 382, जुलाई 138, अगस्त 110, सितंबर 71 चालान हुए हैं। आरटीओ अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाती है। प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर विशेष कार्रवाई की जाएगी।