जीडीए की योजनाओं की सड़कें देंगी स्वच्छता का संदेश
गाजियाबाद। जीडीए की विभिन्न योजनाओं की सड़कें आने वाले दिनों में स्वच्छता का संदेश देंगी। सफाई व्यवस्था को हाईटेक बनाने की दिशा में जीडीए ने काम शुरू कर दिया है। जीडीए अपनी विभिन्न योजनाओं में सफाई के लिए मैकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीन खरीदेगा। पहले चरण में इंदिरापुरम के लिए करीब एक करोड़ से ये मशीन खरीदी जाएगी। स्वीमिंग मशीन को इंदिरापुरम की मुख्य सड़कों की सफाई के कार्य में लगाया जाएगा।
जीडीए की योजना इंदिरापुरम को नगर निगम को हैंडओवर करने की है। नगर निगम की ओर से विभिन्न आपत्तियां लगाकर इंदिरापुरम को टेकओवर करने से इंकार कर दिया है। ऐसे में खुद से सफाई का जिम्मा संभाल रहे जीडीए ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को और दुरुस्त बनाने पर काम करना शुरू कर दिया है। वर्तमान में इंदिरापुरम के कूड़ा निस्तारण और सफाई व्यवस्था पर जीडीए करीब 10 करोड़ खर्च करता है। इसमें सीवरेज, कूड़ा, पार्कों की देखरेख, स्ट्रीट लाइट व ड्रेनेज व्यवस्था भी शामिल हैं।
अब सफाई व्यवस्था को और व्यवस्थित करने की दिशा में जीडीए ने मैकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीन खरीदने का निर्णय लिया है। मशीन के आ जाने से इंदिरापुरम की मुख्य सड़कों पर उड़ने वाली धूल की समस्या से निजात मिल सकेगी। मशीन खरीद के लिए जीडीए ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। कंपनियों के कोटेशन आने के बाद मशीन की खरीद प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। जीडीए सचिव संतोष कुमार राय ने बताया कि जीडीए की विभिन्न योजनाओं केलिए मैकेनाइज्ड स्वीमिंग मशीन खरीदने की योजना है। पहले चरण में केवल इंदिरापुरम के लिए स्वीमिंग मशीन खरीदी जाएगी।