हाउस टैक्स में घोटाले की जांच कर विभाग के ही अधिकारी को दी
गाजियाबाद। हाउस टैक्स में 10 फीट के कमरे पर 1.19 लाख रुपये टैक्स लगाने के ‘घोटाले’ में नगरायुक्त ने जांच भी उसी विभाग के अधिकारी को सौंप दी। टैक्स विभाग के घोटाले की जांच टैक्स विभाग के ही मुख्य कर निर्धारण अधिकारी को दी गई है। चर्चा है कि जिस टैक्स इंस्पेक्टर पर घोटाले के आरोप है सोमवार को वह खुद काफी देर तक जांच अधिकारी के कार्यालय में मौजूद रहा।
विजय कुमार बंसल का सद्दीक नगर में 200 गज का प्लाट है। उन्होंने पार्षद राजेंद्र त्यागी से शिकायत की थी कि उनके प्लाट पर बने 10 फीट चौड़े कार्यालय पर निगम ने 1.19 लाख का टैक्स लगा दिया है। इसके बाद सेटलमेंट करने के नाम पर उनसे घूस मांगी जा रही है। उन्होंने नगर आयुक्त दिनेश चंद्र को दस्तावेज भेजकर मामले की जांच की मांग की थी। अब मामले की जांच नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव कुमार सिन्हा कर रहे हैं। यह जांच दो दिन में पूरी होनी थी, लेकिन सोमवार तक इस मामले को सात दिन बीत चुके हैं। अभी तक जांच रिपोर्ट नगरायुक्त को नहीं भेजी गई है। चर्चा है कि टैक्स के इस बड़े घोटाले को दबाकर इंस्पेक्टर को क्लीन चिट देने की तैयारी चल रही है। हालांकि जांच अधिकारी संजीव सिन्हा का कहना है कि निष्पक्ष जांच कर बुधवार तक नगरायुक्त को रिपोर्ट भेज दी है। उधर, शिकायत करने वाले भाजपा पार्षद राजेंद्र त्यागी का कहना है कि जांच निष्पक्ष न की गई तो मामला बोर्ड बैठक में उठाया जाएगा। टैक्स विभाग में चल रहे खेल के कई अन्य सुबूत भी मौजूद हैं।