दो दिनों तक जीटी रोड पर वाहन रहेंगे प्रतिबंधित
गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा और सावन का दूसरा सोमवार होने के कारण आज से लोगों को जाम से बचाने के लिए मेरठ रोड के साथ जीटी रोड पर भी वाहनों को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। सोमवार और मंगलवार को विजयनगर के लोगों को काफी परेशानी होगी। उन्हें जीटी रोड से विजयनगर जाने के लिए नौ किलो मीटर का सफर तय करना पड़ेगा।
सोमवार को गोशाला रोड पर पड़ने वाले दुधेश्वरनाथ मंदिर में सोमवार के दिन शिवभक्तों की भारी भीड़ रहती है। इसको देखते हुए प्रशासन ने रूट डायवर्ट करने की व्यवस्था की है। पूरे शहर से लोग मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए पहुंचते हैं। जीटीरोड पर जाम की स्थिति से बचने के लिए जीटी रोड पर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित कर दिए गए हैं। जीटीरोड पर रविवार की रात से ही वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया गया। एसपी ट्रैफिक एसएन सिंह ने बताया कि सावन के दूसरे सोमवार को मंदिर में भारी भीड़ रहेगी। लाखों लोगों की आने की संभावना को देखते हुए वाहनों वाहनों को दो दिनों के लिए प्रतिबंधित किया गया है। मेरठ रोड पर कोई भी वाहन नही जाने दिया जाएगा। सभी लोग वैकल्पिक मार्गों से जाएंगे। नियम तोड़ने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सड़कों पर डायवर्जन से बढ़ी परेशानी
कांवड़ यात्रा के चलते यातायात पुलिस की ओर से रविवार को छोटे वाहनों के लिए भी डायवर्जन किया गया। मेरठ रोड पर दोनों दिशाओं के मार्ग पर वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया। इससे लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। शहर में प्रवेश करने के लिए केवल मेरठ तिराहा, न्यू आर्य नगर और राजनगर एक्सटेंशन चौराहे से प्रवेश लेना पड़ रहा है। शाम को न्यू आर्य नगर और मेरठ तिराहा भी बंद कर दिया गया। मेरठ रोड स्थित हिंडन विहार, नंदग्राम, कृष्णा नगर, सिहानी, सेवानगर, घूकना, पटेलनगर, सिब्बनपुरा, मोरटा, गढ़ी सिकरोड़, गुलधर और अन्य इलाकों के लोगों को सड़क पार करने के लिए भी केवल राजनगर एक्सटेंशन से जाना पड़ रहा है। इस कारण कई किलो मीटर का चक्कर काटना पड़ रहा है। समस्या को देखते हुए पुराना बस अड्डा से हापुड़ तिराहा, चौधरी मोड़ से घंटाघर मेरठ तिराहा से हापुड़ तिराहा की ओर जाने वाले वाहनों के मार्ग प्रतिबंधित कर दिए गए हैं।
नहीं मिल रही बस
कांवड़ यात्रा के कारण लोगों को रोडवेज बसें नहीं मिल रही हैं। मजबूरी में लोगों को ऑटो का सहारा लेना पड़ा रहा है। बसों के डायवर्जन से भी हाइवे पर लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही हैं। मेरठ की ओर जाने वाली बस किठौर होकर जा रही हैं। पुराना बस अड्डा पर मेरठ की बस नहीं मिलने से लोगों को दिक्कत हो रही है। लालकुआं और डासना तक बसों का आवागमन भी बंद हो गया। इसके चलते लोग ऑटो व रिक्शा के सहारे सवारी कर रहे हैं।