हापुड़ चुंगी फ्लाईओवर से पहले चौधरी मोड़ पर बनेगा ग्रेड सेपरेटर
गाजियाबाद। सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीआरआरआई) की ट्रैफिक मोबिलिटी प्लान की ड्राफ्ट रिपोर्ट में जीटी रोड के जाम को खत्म करने पर सबसे पहले काम शुरू होगा। जीटी रोड पर जाम के सबसे बड़े प्वाइंट चौधरी मोड़ पर सीआरआरआई ने ग्रेड सेपरेटर और हापुड़ चुंगी पर फ्लाईओवर के निर्माण का सुझाव दिया था, लेकिन जीटी रोड पर जाम को देखते हुए प्राधिकरण की ओर से पहले ग्रेड सेपरेटर के निर्माण की योजना पर काम शुरू किया जाएगा।
लाइनपार क्षेत्र को मुख्य शहर से जोड़ने के लिए धोबीघाट आरओबी का निर्माण पूरा होने के बाद जीटी रोड और खासकर चौधरी मोड़ पर वाहनों का दबाव बड़ेगा। धोबीघाट आरओबी के नवंबर या फिर दिसंबर के आखिर तक शुरू होने की संभावना है। ऐसे में जीडीए की योजना हापुड़ चुंगी के स्थान पर पहले चौधरी मोड़ ग्रेड सेपरेटर को प्राथमिकता देने की है। अभियंत्रण अनुभाग जल्द ही ग्रेड सेपरेटर के निर्माण की प्रक्रिया शुरू करेगा।
जीडीए अधिकारियों के मुताबिक, पहले चौधरी मोड़ पर ग्रेड सेपरेटर के निर्माण के बाबत जगह और अन्य तकनीकी पहलुओं को परखा जाएगा। इसके बाद योजना की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट पर काम शुरू किया जाएगा। सीआरआरआई की रिपोर्ट पर ही जीडीए ने जीटी रोड और हापुड़ रोड को जाम मुक्त बनाने के लिए दो कॉरिडोर के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया है। इसमें पहले ठाकुरद्वारा स्कूल तिराहे से लालकुआं और फिर ठाकुरद्वारा तिराहे से हरसांव पुलिस लाइन तक दो कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, पावर कारपोरेशन, ट्रैफिक पुलिस व आरटीओ के अधिकारियों की अगले माह बैठक प्रस्तावित है।
कोट
सीआरआरआई ने जीटी रोड पर चौधरी मोड़ के पास ग्रेड सेपरेटर के निर्माण का सुझाव दिया है। धोबीघाट आरओबी शुरू होने के बाद जीटी रोड पर वाहनों का दबाव और बढ़ेगा। ऐसे में हापुड़ चुंगी से पहले ग्रेड सेपरेटर के निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी।
- विवेकानंद सिंह, मुख्य अभियंता, जीडीए