पांच लाख कांवड़िये करेंगे दूधेश्वरनाथ में जलाभिषेक
गाजियाबाद। श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर में शिवरात्रि केदिन करीब पांच लाख कांवड़ियों के आने की उम्मीद है। कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक की तैयारी को लेकर शुक्रवार को मंदिर में प्रेस वार्ता हुई। प्रेस वार्ता में भक्तों की सुविधा के लिए होने वाली तैयारियों और सुरक्षा के इंतजाम के बारे में जानकारी दी गई।
महंत नारायण गिरि ने बताया कि शिवरात्रि का मुख्य मेला 29 से 31 जुलाई तक रहेगा। शिवरात्रि का व्रत 30 जुलाई को होगा। इसी दिन लाखों की संख्या में कांवड़िये हरिद्वार, गंगोत्री और गोमुख से गंगाजल लाकर भगवान दूधेश्वरनाथ का अभिषेक करेंगे। 30 जुलाई को ही मंदिर में विशेष पूजा होगी। उन्होंने बताया कि मंदिर में करीब पांच लाख के करीब भक्तों के पहुंचने की संभावना है। मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष धर्मपाल गर्ग ने बताया कि इस बार कुंभ की तर्ज पर कांवड़ मेले का आयोजन हो रहा है। भक्तों की सुरक्षा के लिए पूरे मंदिर परिसर में 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएगी। सुरक्षा के लिए महिला पुलिस, पीएसी और सिविल डिफेंस व मंदिर समिति के करीब 500 लोग तैनात रहेंगे। मीडिया प्रभारी एसआर सुथार ने बताया कि कावंड़ियों के ठहरने की व्यवस्था धर्मशाला, शंभु दयाल इंटर और डिग्री कॉलेज, रामलीला मैदान में की जाएगी। शृंगार समिति केअध्यक्ष विजय मित्तल ने बताया कि रोजाना भोग लगाया जाएगा और विशेष शृंगार होगा। इस मौके पर आचार्य लक्ष्मीकांत पाढी, धीरज झा, विजय सिंघल, संजीव वर्मा, मनमोहन गोयल, साहिब सिंह चौहान, अमित जिंदल, हर्ष मित्तल और संजय सिंह मौजूद रहे।