करंट लगने से दो बालकों की मौत
गाजियाबाद। खोड़ा कालोनी में शाम छत पर खेल रहे दो बालका करंट से झुलस गए। परिजन उन्हें दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले गए, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। दिल्ली पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों मूलरूप से बिहार के रहने वाले थे और एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे।
कुलदीप (13) पुत्र हीरालाल और आदित्य (12) पुत्र देवनारायण खोड़ा कालोनी में रहते हैं। शनिवार शाम करीब 6:30 बजे दोनों छत पर खेल रहे थे। इसी बीच छत से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। यह देख आसपास के छतों मौजूद लोगों ने शोर मचा दिया। उनकी चीख पुकार सुन परिवार के लोग छत की ओर दौड़े और दोनों को दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थाना प्रभारी खोड़ा सतेंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि करंट लगने से दोनों की मौत हुई है। परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। दिल्ली पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
- दोनों हैं मामा-भांजे
मरने वाले दोनों बच्चे मामा-भांजे हैं। लोगों ने बताया कि कुलदीप मामा है और आदित्य उसका भांजा है। दोनों एक ही घर में रहते हैं। अधिकतर दोनों का समय भी एक साथ ही बीतता था। मामा-भांजा होने के साथ दोनों में अच्छी दोस्ती भी थी। दोनों साथ में पढ़ाई भी करते थे। दोनों के पिता एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं।
- घटना के बाद लगी भीड़
दोनों बच्चों को जैसे ही करंट लगा लोगों में भगदड़ मच गई। कालोनी के सभी लोग एकत्रित हो गए। दोनों बच्चों को लेकर परिवार के लोग अस्पताल चले गए। इसके बाद अन्य लोग हादसे का कारण जानने में लग गए। लोगों ने विद्युत विभाग के कर्मचारियों पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है।
- कूलर में करंट आने से भी मौत की चर्चा
लोगों का कहना था कि छत के ऊपर से बिजली का तार भी जा रहा है और पास में कूलर भी रखा था। कुछ लोग बोल रहे हैं कि कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से दोनों की मौत हुई है। जबकि कुछ लोगों का कहना है कि छत के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से मौत हुई है। पुलिस इन बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।