एनएच-9 पर जाम से जूझते रहे लोग
गाजियाबाद। शहर में सुबह से ही जाम की स्थिति बनी रही। एनएच-9 पर भी लोग जाम से परेशान रहे। मेरठ रोड़ पर कावड़ यात्रा के चलते दोनों मार्गों पर वाहनों का दबाब बढ़ गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया।
शहर में जाम के हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। शनिवार सुबह करीब आठ बजे जीटी रोड पर नया बस अड्डा मेट्रो स्टेशन के पास दो कार आपस में टकरा गई। कार चालकों में काफी देर तक कहासुनी होती रही। ऐसे में दुर्घटनाग्रस्त कार सड़क के बीच में खड़ी रहने से जाम लगने लगा। उनके झगड़े के कारण थोड़ी देर में भीषण जाम लग गया। करीब 11 बजे तक लोग जाम से जूझते रहे। इससे मेरठ तिराहा, नया बस अड्डा, ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर और रेलवे स्टेशन तक वाहन जाम में फंसे रहे। सूचना के काफी देर बाद ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। नेशनल हाइवे-9 पर राहुल विहार के पास बाइक सवार युवक को एक गाड़ी ने टक्कर मार दी। बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य वाहन चालक युवक को देखने उसके पास पहुंचे तो हाइवे पर अव्यवस्था फैल गई। इस बीच ट्रैफिक पुलिसकर्मी नदारद रहे। इसके अलावा हरसांव, भाटिया मोड़, घंटाघर और राजनगर एक्सटेंशन आदि जगह भी लोग जाम से जूझते रहे। एसपी ट्रैफिक श्याम नारायण सिंह ने बताया कि जाम लगने की सूचना मिली थी। अधिकारियों को भेजकर जाम खुलवा दिया था। नेशनल हाइवे पर निर्माण कार्य के चलते दिक्कत हुई।