टीबी जांच के लिए मिलेगी पांच और ट्रूनॉट मशीन
गाजियाबाद। जिले में टीबी जांच के लिए पांच और ट्रूनॉट मशीन मिलेगी। अभी तक जिले में 10 ट्रूनॉट एवं चार सीबीनॉट मशीन से जांच की जा रही है। जिले में वर्तमान नौ हजार मरीजों का इलाज चल रहा है। डीटीओ ने बताया कि नई ट्रूनॉट मशीनें भोजपुर, बम्हैटा, फरीदनगर, ईएसआई राजेंद्र नगर और साहिबाबाद में लगाई जाएंगी।
नई मशीनें आ जाने के बाद जनपद में 19 स्थानों पर जांच की सुविधा होगी। अभी 14 स्थानों पर ये सुविधा उपलब्ध है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. जेपी श्रीवास्तव ने बताया राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिला क्षय रोग विभाग को सशक्त बनाया जा रहा है। शासन ने जिले के लिए पांच और नई ट्रूनॉट मशीनें स्वीकृत की हैं। यह मशीनें 24 दिसंबर को लखनऊ में जिला क्षय रोग विभाग को सौंपी जाएंगी।