जिले में मिले 102 नए कोरोना संक्रमित मरीज, 147 हुए डिस्चार्ज
गाजियाबाद। जिले में 102 नए मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वस्थ हुए 147 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। संक्रमण की चपेट में आने वाले कुल मरीजों की संख्या 24,440 हो चुकी है। इनमें से 22,975 स्वस्थ हो गए हैं। इलाज के दौरान 95 की मौत हो चुकी है, जबकि अभी 1370 मरीजों का इलाज चल रहा है। शादियों के सीजन में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ग्रुप में जांच अभियान चला रहा है। हाल ही में तीन दिवसीय विशेष अभियान के दौरान एक भी संक्रमित नहीं मिला है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग ने 3000 से ज्यादा लोगों की जांच की थी।
अभियान चलाकर शादी समारोहों में सेवाएं देने वाले लोगों को तीन ग्रुपों में बांटकर उनकी टेस्टिंग करने के निर्देश दिए गए थे। विभाग ने बैंड, डीजे, हलवाई, कैटरर्स, वेटर और टेंट कारोबारियों व उनके कर्मचारियों का टेस्ट करवाए थे। वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार तीन दिन शिविर लगाकर 3000 से ज्यादा लोगों टेस्टिंग की गई थी। इनमें 250 लोगों की आरटी-पीसीआर जांच की गई थी। एंटीजन किट जांच में कोई पॉजिटिव नहीं मिला है। आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट अभी आनी बाकी है।